पेड़ की टहनी सिर पर गिरने से युवक की मौत

बकरियों के लिए चारा लेने गया था जंगल

* धारणी तहसील के कुसुमकोट ग्राम की घटना
धारणी /दि.17- अमरावती जिले के धारणी तहसील अंतर्गत कुसुमकोट (बु.) निवासी 23 वर्षीय युवक की जंगल में पेड़ की टहनी सिर पर गिरने से दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा 13 जुलाई को धारणी मुख्यालय से करीब 13 किलोमीटर दूर जिलपी क्षेत्र में हुआ.
जानकारी के मुताबिक रितेश मोतीराम चिमोटे (23) बकरियों के लिए चारा लेने जंगल गया था. इसी दौरान अचानक पेड़ की एक बड़ी टहनी उसके सिर पर आ गिरी. गंभीर चोट लगने से वह पास की नदी में जा गिरा. आशंका है कि घायल अवस्था में समय पर सहायता नहीं मिलने के कारण वह नदी के पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही धारणी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस निरीक्षक अवतार सिंह चव्हाण के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धारणी उपजिला अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. बताया गया कि रितेश की कुछ ही दिन पहले प्रेरणा नामक युवती से शादी हुई थी. उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था, जबकि उसका बड़ा भाई रोजगार के सिलसिले में गांव से बाहर रहता है. इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है.

Back to top button