पाटमहू में दो बाइक टकराई, एक मृत
दूसरा भी गंभीर घायल, धारणी परिसर की घटना

धारणी/दि.22 – धारणी थानांतर्गंत पाटमहू-चिखली रोड पर आज दोपहर दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हो जाने से एक गृहस्थ की दर्दनाक मृत्यु हो गई. अन्य एक व्यक्ति बुरी तरह हताहत हुआ है, उनका उपचार धारणी उपजिला अस्पताल में चल रहा है. मृतक का नाम नंदलाल दारसिंबे बताया गया है. वह पाटमहू के रहनेवाले थे. उनके परिवार में माता-पिता और पत्नी तथा तीन बच्चे होने की जानकारी मिली है.
बताया गया कि, नंदलाल और पन्नालाल बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तब सामने से आती अन्य बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई. जिसमें नंदलाल दारसिंबे की जान चली गई. दुर्घटना की सूचना मिलते ही सागर इंगले और रफिक शेख एंबुलेंस लेकर मौके पर दौडे. दोनों घायलों को धारणी अस्पताल लाया. नंदलाल को बचाने के लिए डॉक्टर्स ने प्रयास किए, किंतु बचाया न जा सका. समाचार लिखे जाने तक सैकडों ग्रामीण अस्पताल पर जमा थे. खबर है कि, दारसिंबे के परिजनों ने पीएम करवाने से इंकार कर दिया था. मेलघाट क्षेत्र में भी आए दिन भीषण दुर्घटनाएं हो रही है.





