अमरावती में 24 घंटे के भीतर तीन मौतों से सनसनी
नाले में मिला मासूम का शव, एडिफाय स्कूल के पास युवक मृत मिला, मालवीय चौक में शराबी युवक की संदिग्ध मौत

अमरावती/दि.22-प्रतिनिधि. अमरावती शहर में बीते 24 घंटों के दौरान सामने आई तीन अलग-अलग मौतों की घटनाओं ने पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों को भी झकझोर कर रख दिया है. एक ओर लक्ष्मीनगर क्षेत्र के नाले में पांच से छह माह के मासूम बच्चे का शव मिलने से पूरे शहर में संवेदना और चिंता का माहौल है, तो दूसरी ओर कठोरा रोड स्थित एडिफाय स्कूल के पास झाड़ियों में एक युवक का सड़ा-गला शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं. वहीं शहर के मध्यवर्ती मालवीय चौक क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. तीनों घटनाएं अलग-अलग स्थानों पर हुई हैं, लेकिन एक ही दिन में सामने आने के कारण शहर में इन्हें लेकर व्यापक चर्चा शुरू हो गई है. पुलिस सभी मामलों की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

* लक्ष्मीनगर के नाले में मिला मासूम का शव
– बच्चे की अब तक नहीं हुई शिनाख्त, परिसर में हडकंप
आज सुबह लक्ष्मीनगर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय नागरिकों ने नाले में एक छोटे बच्चे का शव तैरता हुआ देखा. शुरुआत में लोगों को लगा कि कोई वस्तु पानी में बह रही है, लेकिन पास जाकर देखने पर पता चला कि वह एक मासूम बच्चे का शव है. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. स्थानीय नागरिकों ने तत्काल डायल 112 पर संपर्क कर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही गाडगेनगर पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक गोरखनाथ जाधव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नाले से बाहर निकलवाया.
पुलिस के अनुसार मृत बच्चे की उम्र लगभग पांच से छह माह प्रतीत हो रही है. शव कुछ समय तक पानी में रहने के कारण उसकी पहचान तत्काल संभव नहीं हो सकी. प्रारंभिक जांच में यह संभावना व्यक्त की जा रही है कि हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण नालों और जलमार्गों में आए तेज बहाव के साथ बच्चा किसी अन्य क्षेत्र से यहां तक बहकर पहुंचा हो.
हालांकि जांच अधिकारी इस संभावना को भी नजरअंदाज नहीं कर रहे कि मामला केवल दुर्घटना का न होकर किसी अन्य घटना से भी जुड़ा हो सकता है. इसी कारण पुलिस ने शहर और आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदा बच्चों की रिपोर्ट खंगालना शुरू कर दिया है. सूत्रों के अनुसार पुलिस विभिन्न पुलिस थानों से संपर्क कर यह जानकारी जुटा रही है कि कहीं किसी परिवार ने हाल के दिनों में अपने छह माह तक की आयु के बच्चे के लापता होने की शिकायत तो दर्ज नहीं कराई है. यदि पहचान नहीं हो पाती है तो बच्चे का फोटो और अन्य विवरण आसपास के जिलों तथा राज्य स्तरीय पुलिस इकाइयों को भी भेजा जा सकता है.

* एडिफाय स्कूल के पास झाड़ियों में मिला युवक का शव
– शिवा खेडकर के तौर पर हुई मृतक की पहचान
शहर की दूसरी बड़ी घटना कठोरा रोड स्थित एडिफाय स्कूल परिसर के समीप सामने आई. बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने स्कूल से लगभग 20 फीट दूर झाड़ियों में एक युवक का शव देखा. शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण प्रारंभ में उसकी पहचान नहीं हो सकी. सूचना मिलते ही गाडगेनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. जांच के दौरान पता चला कि शव कई दिनों पुराना है. खुले क्षेत्र में पड़े रहने और मौसम के प्रभाव के कारण शव सड़-गल चुका था. इतना ही नहीं, आसपास घूमने वाले कुत्तों और सुअरों ने भी शव को नुकसान पहुंचाया था, जिससे पहचान करना और अधिक कठिन हो गया था. बाद में पुलिस ने शव की पहचान शिवा खेडकर (26, बेसखेडा-परसोडा, तह. चांदूर बाजार) के रूप में की.
पुलिस जांच में सामने आया है कि शिवा कुछ समय पहले रोजगार की तलाश में अहमदाबाद गया था. वहां से वापस लौटने के बाद वह अपने घर नहीं पहुंचा, जिससे परिवार के लोग चिंतित थे. इसी बीच उसका शव मिलने की खबर सामने आई. घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को शव के पास से जहर की एक बोतल मिली है. इस कारण आत्महत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है. हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने को तैयार नहीं है. जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि युवक ने स्वयं जहर का सेवन किया था या फिर उसके साथ कोई अन्य घटना हुई थी. पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन हिस्ट्री और उसके अंतिम संपर्कों की जांच कर रही है. फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

मालवीय चौक में मृत मिला युवक, अत्यधिक शराब सेवन की आशंका
तीसरी घटना शहर के व्यस्त मालवीय चौक क्षेत्र में सामने आई. बुधवार सुबह हर्षद कैफे गली में एक युवक मृत अवस्था में मिला. मृतक की पहचान शाम विश्वनाथ ठोकणे (30), निवासी केवलेवाड़ी, खोलापुरी गेट, अमरावती के रूप में हुई. मृतक के चचेरे भाई प्रथमेश अनिल ठोकणे ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शाम लंबे समय से शराब का आदी था. वह अक्सर अत्यधिक शराब पीकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूमता रहता था.
बुधवार सुबह रिश्तेदार प्रविण कुहाडकर ने फोन कर जानकारी दी कि शाम कॉटन मार्केट क्षेत्र के पास मृत अवस्था में पड़ा हुआ है. सूचना मिलने पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और बाद में इर्विन अस्पताल में शव की पहचान की गई. सिटी कोतवाली पुलिस ने कायमी मर्ग क्रमांक 42/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. प्रारंभिक जांच में अत्यधिक शराब सेवन के कारण मौत होने की संभावना व्यक्त की जा रही है. मृतक के परिजनों ने किसी भी व्यक्ति पर संदेह व्यक्त नहीं किया है. फिर भी पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि किसी भी संभावना को नजरअंदाज न किया जाए.
* एक दिन में तीन घटनाओं से बढ़ी पुलिस की चुनौती
एक ही दिन में सामने आई इन तीन घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी बढ़ा दी है. तीनों मामलों की परिस्थितियां अलग-अलग हैं, लेकिन प्रत्येक मामले में कई ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब अभी मिलने बाकी हैं. सबसे बड़ी चुनौती नाले में मिले मासूम की पहचान स्थापित करना है. यदि उसकी पहचान नहीं होती है तो जांच आगे बढ़ाना मुश्किल हो सकता है. दूसरी ओर शिवा खेडकर की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण है, इसका पता लगाना भी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण होगा. वहीं तीसरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि युवक की मौत वास्तव में अत्यधिक शराब सेवन के कारण हुई या कोई अन्य कारण भी जिम्मेदार है.
तीनों घटनाओं के बाद शहरभर में चर्चा का माहौल है. विशेष रूप से मासूम बच्चे की मौत ने लोगों को भावुक कर दिया है. कई नागरिकों ने सोशल मीडिया पर बच्चे की पहचान करने और उसके परिवार तक पहुंचने में पुलिस की मदद करने की अपील की है. वहीं एडिफाय स्कूल के पास मिले शव और मालवीय चौक की घटना को लेकर भी लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी महत्वपूर्ण जानकारी की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.
* पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
फिलहाल तीनों मामलों में पुलिस जांच जारी है. शवों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है अथवा प्रक्रिया जारी है. जांच एजेंसियों का मानना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं. अमरावती में एक ही दिन में सामने आई इन तीन दर्दनाक घटनाओं ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है. एक मासूम की रहस्यमय मौत, एक युवक का सुनसान क्षेत्र में मिला शव और एक अन्य युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत अब पुलिस जांच का विषय हैं. आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट इन घटनाओं के पीछे छिपे सच से पर्दा उठा सकती है.





