विषपान करने वाले पति को बचाने निकली पत्नी की सड़क हादसे में मौत

दो बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

नागपुर /दि. 23 – आर्थिक तंगी से परेशान होकर विषपान करने वाले पति को बचाने के लिए नागपुर जा रही पत्नी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. इस हृदयविदारक घटना से एक ही परिवार पर कुछ घंटों के भीतर दोहरी विपत्ति टूट पड़ी. पिता अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं, जबकि मां की मौत के बाद दो मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है.
जानकारी के अनुसार, वरोरा निवासी आशीष कोलतेवार ने 9 जुलाई को आर्थिक परेशानियों के चलते विषपान कर लिया था. उनकी गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने उन्हें एंबुलेंस से इलाज के लिए नागपुर रवाना किया. उनकी पत्नी तेजस्विनी कोलतेवार अन्य रिश्तेदारों के साथ एक कार में एंबुलेंस के पीछे-पीछे जा रही थीं.
* बुटीबोरी के पास हुआ हादसा
नागपुर की ओर जाते समय बुटीबोरी क्षेत्र में कार चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया. तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में तेजस्विनी कोलतेवार सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तत्काल नागपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान तेजस्विनी की मौत हो गई. दूसरी ओर, आशीष कोलतेवार की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है.
* दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया
इस दर्दनाक घटना के बाद कोलतेवार परिवार पूरी तरह टूट गया है. परिवार की दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी और छोटे बेटे ने अपनी मां को खो दिया है, जबकि उनके पिता भी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं. इस दोहरे हादसे से बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता गहरा गई है.
* शहर में शोक की लहर
घटना की जानकारी मिलते ही वरोरा शहर में शोक की लहर फैल गई. आर्थिक संकट से शुरू हुई इस त्रासदी ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. स्थानीय नागरिकों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस घटना को बेहद दुखद बताया है.

Back to top button