महाराष्ट्र फिर शर्मसार

पिंपरी चिंचवाड़ में 60 वर्षीय बुजुर्ग ने दो सगी मासूम बहनों से की दरिंदगी

* आरोपी गिरफ्तार
पिंपरी चिंचवाड़/दि.28 – महाराष्ट्र में मासूम बच्चियों के खिलाफ अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. हाल ही में भोर तहसील के नसरापुर में साढ़े तीन साल की बच्ची से दरिंदगी और हत्या के मामले में आरोपी भीमराव कांबले (62) को अदालत ने फांसी की सजा सुनाई थी. इस कड़े फैसले के बावजूद अपराधियों के हौसले पस्त होते नजर नहीं आ रहे हैं.
अब पुणे के पिंपरी चिंचवाड़ शहर के वाकड इलाके से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 60 वर्षीय बुजुर्ग पड़ोसी ने दो सगी मासूम बहनों (उम्र 10 वर्ष और 5 वर्ष) को अपनी हैवानियत का शिकार बनाया. इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में भारी जन-आक्रोश फैल गया है.
* थाने में उमड़ी भारी भीड़
घटना का पता चलते ही पीड़ित बच्चियों के परिजनों और आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने सोमवार रात वाकड पुलिस स्टेशन में भारी भीड़ एकत्र कर दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. मामले की गंभीरता को देखते हुए वाकड पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
* कैसे हुआ इस हैवानियत का पर्दाफाश?
पीड़ित बच्चियां अपने माता-पिता और दादा-दादी के साथ रहती हैं. आरोपी भी उनका पड़ोसी है, जो अपनी पत्नी और बेटे के साथ रहता है. वारदात के समय दोनों परिवारों के सभी वयस्क सदस्य मजदूरी और काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे. 10 वर्षीय बच्ची जब कपड़े धोने के लिए घर से बाहर आई, तो मौका देखकर आरोपी बुजुर्ग ने बच्ची का मुंह दबाया और जबरन उसे अपने घर में खींच कर ले गया. गनीमत रही कि पड़ोस में रहने वाली एक अन्य महिला ने यह पूरा घटनाक्रम देख लिया और तुरंत पीड़ित बच्ची की मां को सूचित किया. मामला तब और दर्दनाक हो गया जब बच्ची ने खुलासा किया कि आरोपी ने उसकी 5 साल की छोटी बहन को भी इसी तरह डरा-धमकाकर अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया था. फिलहाल, वाकड पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी पूछताछ और विस्तृत जांच कर रही है.

Back to top button