दोनों राष्ट्रवादी गुटों के विलय की चर्चा
शरद पवार बोले - कोई संबंध नहीं

मुंबई /दि.28- महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के एक साथ आने यानी विलय की चर्चाएं तेज थीं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हुई मुलाकातों के बाद इन अटकलों को और हवा मिली थी. अब वरिष्ठ नेता शरद पवार ने इन चर्चाओं पर एक वाक्य में जवाब देकर विराम लगा दिया है. मीडिया से बातचीत के दौरान जब शरद पवार से पूछा गया कि क्या अजित पवार गुट और शरद पवार गुट फिर से एक होने जा रहे हैं? इस पर शरद पवार ने साफ शब्दों में कहा, दोनों राष्ट्रवादी एकत्र आने का कोई संबंध नहीं है. पवार के इस बयान के बाद विलय की चर्चाओं पर फिलहाल विराम लग गया है.
* मोदी और शाह से मुलाकात के बाद शुरू हुई थीं अटकलें
दरअसल, पिछले सप्ताह शरद पवार ने संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी. इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई थी कि शरद पवार गुट एनडीए के करीब जा सकता है. इसके बाद राष्ट्रवादी के दोनों गुटों के कुछ नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. इन मुलाकातों के बाद यह कयास लगाए जाने लगे थे कि दोनों राष्ट्रवादी गुटों के बीच समझौता हो सकता है और पार्टी का फिर से विलय हो सकता है. हालांकि, शरद पवार ने अब इन सभी चर्चाओं को खारिज कर दिया है. इस दौरान शरद पवार से नीट परीक्षा कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज मामलों को लेकर भी सवाल पूछा गया. इस पर उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चर्चा की है. शरद पवार और अजित पवार गुट के बीच संभावित समझौते की खबरों से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मची हुई थी. हालांकि, शरद पवार के ताजा बयान के बाद दोनों गुटों के विलय की संभावना पर फिलहाल पूर्ण विराम लग गया है.





