मर्डर की वारदात से थर्राया बापट चौक
शराब पीने के विवाद को लेकर चाकू मारकर युवक की हत्या

* वारदात के बाद महज दो घंटे के भीतर तीन संदेहित आरोपी धरे गए
* रात 11.30 बजे के आसपास की घटना, पूरे परिसर में हडकंप
* सिटी कोतवाली से आवाज की दूरी पर घटित हुई हत्या की वारदात
* हमलावरों की तलाश जारी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
अमरावती/दि.3 – शहर के बीचोबीच स्थित बापट चौक परिसर में कल रविवार की रात 11.30 बजे के आसपास शराब पिने के विवाद को लेकर हुए झगडे में हत्या की सनसनीखेज वारदात घटित हुई तथा शरीफ बेग रशिद बेग (24, लालखडी) नामक व्यक्ती को चाकू से सपासप वार करते हुए मौत के घाट उतार दिया गया. इस वारदात के करीब दो घंटे के भीतर नागपुरी गेट पुलिस के डीबी पथक व अपराध शाखा के पथक ने इरफान खान जावेद खान तथा शेख रेहान शेख हारूण नामक तीन आरोपियों को संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया. जिनके नाम शेख रेहान शेख हारूण (28, यास्मिन नगर), शेख नुरून शेख इरफान (30, अकबर नगर) तथा मो. इरफान उर्फ गोलु मो. इस्माईल (25, अकबर नगर) बताए गए है. जिसमें से शेख रेहान को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात करीब 11.30 बजे के आसपास बापट चौक परिसर में वाईन सेंटर नामक शराब बिक्री प्रतिष्ठान के पास लालाजी झुनका भाकर केेंद्र के सामने बैठकर कुछ युवक शराब पी रहे थे. जिनके बीच किसी बात को लेकर शाब्दीक तनातनी होनी शुरू हो गई और कुछ ही समय के भीतर इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. जिसके चलते एक युवक ने अचानक ही अपनी जेब से तेज धारदार चाकू निकालकर शरीफ बेग रशीद बेग नामक युवक पर सपासप वार करते हुए उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. जिसके बाद शरीफ बेग के साथ शराब पी रहे सभी युवक मौके से भाग निकले. पश्चात परिसर में मौजुद नागरिकों ने इस घटना की सूचना पुलिस को देते हुए गंभीर रूप से घायल शरीफ बेग को जिला सामान्य अस्पताल में इलाज हेतु भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान शरीफ बेग ने दम तोड दिया. इस वारदात की जानकारी मिलते ही डीसीपी यशवंत सोलंके, एसीपी संजय खताले तथा सिटी कोतवाली के थानेदार रोशन सिरसाट अपने दलबल सहित मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का पंचनामा करते हुए परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया. जिसके बाद पता चला कि, हत्या की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. ऐसे में सीसीटीवी फुटेज को देखते हुए कोतवाली पुलिस सहित नागपुरी गेट पुलिस व अपराध शाखा के दल ने सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे आरोपी युवकों की तलाश करनी शुरू की और महज दो घंटे के भीतर तीन संदिग्ध आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से धर लिया गया. जिसके तहत नागपुरी गेट पुलिस के डीबी पथक ने मो. इरफान उर्फ गोलु तथा क्राईम ब्रांच के दल ने शेख रेहान व शेख नुरून को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की. जिनसे इस पूरी वारदात को लेकर अब कडाई के साथ पुछताछ की जा रही है. पुलिस सुत्रों के मुताबिक, इस वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश भी मुख्य वजह हो सकती है.
विशेष उल्लेखनिय है कि, सिटी कोतवाली पुलिस थाने से सिर्फ एक आवाज की दूरी पर स्थित बापट चौक में घटित हुई इस सनसनीखेज घटना के चलते शहर की कानून व व्यवस्था पर सवालिया निशान लगते नजर आ रहे है. साथ ही परिसरवासियों द्वारा यह आरोप भी लगाया जा रहा है कि, बापट चौक परिसर स्थित एक वाईन शॉप के सामने रोजाना रात के वक्त शराबियों की लगनेवाली भीडभाड और उनके बीच आए दिन होनेवाले झगडों की वजह से बीती रात हत्या जैसी गंभीर वारदात घटित हुई है. क्योंकि पुलिस द्वारा इस परिसर में देर रात तक होनेवाली शराब बिक्री और यहां पर लगनेवाले शराबियों के जमघट की तरफ हमेशा ही अनदेखी की जाती रही. जिसका परिणाम बीती रात हुई वारदात के तौर पर सामने आया है. ऐसे में परिसर के व्यवसायियों व निवासियों द्वारा कोतवाली पुलिस से रोजाना शाम ढलते ही बापट चौक परिसर में लगनेवाली शराबियों की भीड का योग्य बंदोबस्त करने का आवाहन किया जा रहा है.





