पिछले एक-डेढ साल से साहिल मेहरा कर रहा था एमडी की बिक्री
तार परप्रांत से जुडे, पुलिस दल जांच के लिए रवाना

* साहिल का दोस्त मेडिकल संचालक भी गिरफ्तार, दोनों 7 तक रिमांड पर
* राजापेठ पुलिस मामले की तह तक पहुंचने में जुटी
अमरावती/दि.3 – राजापेठ पुलिस के दल ने 277 ग्राम एमडी बरामद करने के बाद इस प्रकरण में साहिल मेहरा के साथी मेडिकल संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपियों को 7 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है. आरोपी साहिल मेहरा पिछले एक-डेढ साल से मेफेड्रॉन (एमडी) की बिक्री करता रहने की जानकारी जांच में सामने आयी है और उसके तार परप्रांतों से जुडे रहने का भी पता चला है. इस कारण पुलिस का दल जांच के लिए अन्य राज्यों में रवाना हो गया है.
जानकारी के मुताबिक राजापेठ के थानेदार संदिप चव्हाण के नेतृत्व में पुलिस के दल ने शनिवार 1 अगस्त की रात साई हेरिटेज परिसर के पास साहिल मेहरा को कब्जे में ले लिया था. तलाशी के बाद उसके पास से 53.25 लाख रुपए मूल्य की एमडी बरामद हुई थी. आरोपी साहिल मेहरा पिछले एक-डेढ साल से एमडी की तस्करी कर रहा था. जांच में यह भी पता चला कि, उसके नेटवर्क में शहर के अनेक ग्राहक जुडे हुए साहिल अपने पास एमडी का पूरा स्टॉक नहीं रखता था. वह मेडिकल संचालक तेजस अनिल कालबांडे (27) के जरिए एमडी के पैसों का ट्रान्जेक्शन करता था. इस कारण पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर दिया. दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 7 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर लिया गया. पूछताछ में आरोपी साहिल मेहरा के तार परप्रांत से जुडे रहने का पता चला है. पुलिस अब मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है. एपीआई शिंदे के नेतृत्व में एक दल अन्य राज्य में मामले की जांच के लिए रवाना हुआ है.
* साहिल मेहरा था फरार
आरोपी साहिल मेहरा की राजापेठ पुलिस को तलाश थी. वह महेश खोडे की कैंटीन में पकडे गये एमडी प्रकरण में फरार था. तब से उसका पता नहीं चल रहा था. पुलिस उसकी तलाश में थी. ऐसे में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में मिली जानकारी के आधार पर मारे गये छापे में वह दबोचा गया. पुलिस अब वह किन-किन लोगों के संपर्क में था और वह एमडी कहां से लाता था और किन्हे देता था, इस बाबत जांच में जुटी हुई है.





