कन्हान नदी पुल से युवती को धक्का देकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

ड्रग्ज और देह विक्री के धंधों से सरोकार

* आशी डे की बहुत चर्चा थी नागपुर में
नागपुर /दि.4- नागपुर की चर्चित युवती अश्विनी उर्फ आशी डे की हत्या के मामले में कन्हान पुलिस ने मुख्य आरोपी आशीष उर्फ मोनू किशोर मनपिया को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, पुराने प्रेम संबंध और आपसी विवाद के चलते आरोपी ने युवती को समझौते के बहाने बुलाया और आधी रात को कान्हान नदी के पुल से नीचे धक्का देकर उसकी हत्या कर दी.
सोमवार तड़के करीब तीन बजे पुलिस को कान्हान नदी में एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर जांच शुरू की. प्रारंभिक पहचान में कठिनाई हुई, लेकिन बाद में फोटो और अन्य जानकारियों के आधार पर मृतका की पहचान अश्विनी उर्फ आशी डे के रूप में हुई.
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के पुराने विवादों, व्यक्तिगत संबंधों, आर्थिक लेन-देन और हाल की गतिविधियों की पड़ताल की. इसमें सामने आया कि आशी डे ने पहले राणा प्रताप नगर और यशोधरा नगर पुलिस थानों में आरोपी आशीष मनपिया के खिलाफ दो शिकायतें दर्ज कराई थीं. इन्हीं पुराने विवादों के चलते आरोपी ने समझौते का झांसा देकर उसे बाइक पर कन्हान ले गया और पुल से नीचे धक्का दे दिया.
* ट्रैकमैन बना अहम प्रत्यक्षदर्शी
पुलिस के अनुसार, घटना के समय रेलवे ट्रैक की निगरानी कर रहा एक ट्रैकमैन मौके पर मौजूद था. उसने पुल से किसी व्यक्ति को नीचे गिराते हुए देखा और कुछ देर बाद नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी. टॉर्च की रोशनी में देखने पर उसे नदी के नीचे शव दिखाई दिया. ट्रैकमैन की प्रत्यक्षदर्शी गवाही के आधार पर पुलिस को जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद आरोपी को स्थानीय अपराध शाखा की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

Back to top button