एसआयआर अभियान के चलते टली सांसद व विधायक की मौजूदगी वाली महत्वपूर्ण मनपा बैठक
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में व्यस्त अधिकारियों के कारण आयुक्त ने मांगा समय, अगले सप्ताह होगी नई तारीख की घोषणा

अमरावती/दि.5 – अमरावती और बडनेरा शहर की विभिन्न नागरिक समस्याओं के समाधान हेतु राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे तथा विधान परिषद सदस्य प्रवीण पोटे पाटील की उपस्थिति में आगामी 7 अगस्त को आयोजित की जाने वाली अमरावती महानगरपालिका की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक फिलहाल स्थगित कर दी गई है. हालांकि यह बैठक रद्द नहीं की गई है, बल्कि मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान (एसआयआर) के कारण इसे आगे बढ़ाया गया है. महानगरपालिका आयुक्त डॉ. मंगेश गौदावले ने इस संबंध में विधायक प्रवीण पोटे पाटील को पत्र लिखकर बैठक स्थगित करने का अनुरोध किया था. आयुक्त ने पत्र में बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्यभर में विशेष सघन मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है और महानगरपालिका के अधिकांश अधिकारी एवं कर्मचारी इस कार्य में नियुक्त किए गए हैं.
* 30 जुलाई से 7 अगस्त तक चुनावी कार्य को प्राथमिकता
आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार 30 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक विशेष शिविरों का आयोजन कर मतदाता पंजीकरण, सत्यापन और डिजिटाइजेशन का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है. निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस अवधि में बीएलओ (इङज) और बीएलओ सहायकों को केवल डखठ कार्य ही करना है तथा उन्हें अन्य कोई जिम्मेदारी नहीं दी जा सकती. जिलाधिकारी कार्यालय के आदेशानुसार महानगरपालिका के अनेक अधिकारी और कर्मचारी इस अभियान में पूर्णकालिक रूप से कार्यरत हैं. ऐसे में सभी विभाग प्रमुखों और अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कर व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित करना संभव नहीं होने की जानकारी आयुक्त ने दी.
* राष्ट्रीय दायित्व पहले, बैठक अगले सप्ताह
विधान परिषद सदस्य प्रवीण पोटे पाटील ने भी निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान को प्राथमिकता देने की आवश्यकता स्वीकार करते हुए बैठक आगे बढ़ाने के अनुरोध को मंजूरी दी. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाना चाहिए. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक केवल स्थगित की गई है, रद्द नहीं. नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रस्तावित समीक्षा बैठक अगले सप्ताह आयोजित की जाएगी और महानगरपालिका प्रशासन से सभी मुद्दों पर विस्तृत जवाब लिया जाएगा.
* मनपा प्रशासन की होगी व्यापक समीक्षा
प्रवीण पोटे पाटील ने कहा कि अमरावती और बडनेरा क्षेत्र के नागरिकों को सड़क, पानी, सफाई, जलनिकासी, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. इन मुद्दों पर महानगरपालिका प्रशासन की जवाबदेही तय करने के लिए यह बैठक आयोजित की गई थी. उन्होंने कहा कि नागरिक हितों से जुड़े प्रश्नों पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और प्रशासन की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा हर हाल में की जाएगी.
* जल्द घोषित होगी नई तारीख
मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गौदावले ने पत्र में आश्वस्त किया है कि डखठ अभियान समाप्त होते ही सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में बैठक आयोजित की जाएगी तथा उसमें उठाए जाने वाले सभी मुद्दों पर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे. अब शहरवासियों की निगाहें इस बहुप्रतीक्षित बैठक की नई तारीख पर टिकी हैं, जिसमें शहर की लंबित समस्याओं पर प्रशासन को जवाब देना होगा और समाधान की दिशा में ठोस निर्णय लिए जाने की अपेक्षा है.