पुलिस अधिकारी से भिड़े अभिजीत दिपके
पीएसआय को घर से बाहर जाने को कहा

* एआय कंपनी पर भी साधा निशाना
* मैं किससे मिलूंगा, यह पुलिस नहीं तय करेगी
* मुलाकातियों के साथ कथित दुर्व्यवहार पर जताई नाराजगी
* वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
छत्रपति संभाजीनगर/दि.7 – कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके एक बार फिर राष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में हैं. इस बार कारण उनका कोई आंदोलन या राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा एक वीडियो है. वीडियो में दिपके अपने निवास पर पहुंचे एक पुलिस उपनिरीक्षक से तीखी बहस करते दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारी से सवाल-जवाब करते हुए उन्हें घर से बाहर जाने के लिए भी कहा.
बताया जा रहा है कि हाल ही में दिल्ली में हुए छात्र आंदोलनों और पार्टी बैठकों के बाद दिपके अपने छत्रपति संभाजीनगर स्थित निवास पर लौटे थे, जहां समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की लगातार आवाजाही बनी हुई थी. इसी दौरान एक पुलिस अधिकारी की मौजूदगी को लेकर विवाद खड़ा हो गया.
* लोग मुझसे मिलने आते हैं, उन्हें रोकने वाले आप कौन?
वायरल वीडियो में अभिजीत दिपके पुलिस अधिकारी से उनका नाम, पद और थाना क्षेत्र पूछते नजर आते हैं. साथ ही वे यह सवाल भी उठाते हैं कि उनके निवास पर आने वाले लोगों को रोकने या उनसे पूछताछ करने का अधिकार पुलिस को किसने दिया. दिपके वीडियो में कहते दिखाई देते हैं, मुझे कौन मिलने आएगा और मैं किससे मिलूंगा, यह निर्णय पुलिस नहीं करेगी. यह अधिकार मेरा है. लोगों को मुझसे मिलने से रोकना या उनके साथ दुर्व्यवहार करना स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि आज तक ऐसी कोई समस्या नहीं हुई और अचानक मुलाकातियों के साथ कथित तौर पर कठोर व्यवहार क्यों किया जा रहा है. इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारी से घर से बाहर जाने का आग्रह किया. वीडियो में अधिकारी बिना किसी विवाद को बढ़ाए वहां से निकलते हुए दिखाई देते हैं.
* समर्थक बोले-नागरिक अधिकारों की लड़ाई, विरोधियों ने बताया आक्रामक रवैया
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. दिपके के समर्थकों ने इसे नागरिक स्वतंत्रता और आम लोगों के सम्मान का मुद्दा बताते हुए उनका समर्थन किया है. उनका कहना है कि यदि किसी नागरिक या समर्थक के साथ अनुचित व्यवहार किया गया है तो उसका विरोध करना स्वाभाविक है. वहीं आलोचकों का कहना है कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय व्यक्तियों को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयम और मर्यादा बनाए रखनी चाहिए. कुछ लोगों ने दिपके के रवैये को अत्यधिक आक्रामक बताया, जबकि अन्य ने इसे समर्थकों के प्रति उनकी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का प्रतीक माना.
* अमेरिकी एआय कंपनी पर भी गंभीर आरोप
इसी बीच अभिजीत दिपके ने एक अमेरिकी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआय) स्टार्टअप पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रस्तुत किए गए एआय टूल में उनकी व्यक्तिगत जानकारी और सार्वजनिक गतिविधियों का उपयोग उनकी अनुमति के बिना किया गया. दिपके ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए पूछा कि मेरी जानकारी का उपयोग करने की अनुमति आखिर किसने दी? उन्होंने इस मामले में सरकार और संबंधित संस्थाओं से जवाबदेही तय करने की मांग की है.
* पुलिस की प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम को लेकर संबंधित पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो में दिखाई देने वाले पुलिस अधिकारी किस उद्देश्य से दिपके के निवास पर पहुंचे थे. हालांकि, नीट परीक्षा विवाद, छात्र आंदोलनों और विभिन्न राजनीतिक अभियानों के कारण हाल के महीनों में लगातार सुर्खियों में रहे अभिजीत दिपके का यह नया वीडियो अब राजनीतिक और सामाजिक दोनों ही हलकों में चर्चा का विषय बन गया है. सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि इस मामले में पुलिस प्रशासन और दिपके की ओर से आगे क्या स्पष्टीकरण सामने आता है.





