मुंबई के 4 और होटलों पर एफडीए की कार्रवाई, लाइसेंस निलंबित

मुंबई./दि.8 – महाराष्ट्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. इसी कड़ी में मुंबई के चार होटलों के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए गए हैं. जांच के दौरान इन होटलों में गंदगी, कॉकरोच, मक्खियों की मौजूदगी, जंग लगे बर्तन और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी जैसी गंभीर खामियां सामने आईं.
एफडीए की कार्रवाई की जद में दादर का ईट निनो, अंधेरी का जय मां काली ढाबा, सांताक्रूज का हाउस ऑफ महाराष्ट्र और कुर्ला का साउथ इंडियन डोसा कॉर्नर शामिल हैं. जांच के दौरान इनके किचन और खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले स्थानों पर स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था. खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने के बाद चारों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए.
* आईआईटी बॉम्बे की दो हॉस्टल मेस पर भी कार्रवाई
पवई स्थित आईआईटी बॉम्बे परिसर में भी एफडीए के खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान चलाया. अधिकारियों ने कैंपस की तीन हॉस्टल मेस का निरीक्षण किया. इस दौरान हॉस्टल नंबर 1 और हॉस्टल नंबर 3 की मेस के पास खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जरूरी खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण नहीं पाया गया. इसके बाद दोनों मेस को तत्काल खाद्य पदार्थों की बिक्री और कारोबार बंद करने के निर्देश दिए गए. विद्यार्थियों को भोजन उपलब्ध कराने वाली इन मेस के पास आवश्यक लाइसेंस नहीं होने से कैंपस की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
* बीड में 1.94 करोड़ रुपए का खाद्य तेल जब्त
बीड जिले में भी एफडीए ने बड़ी कार्रवाई की है. खाद्य तेल की अवैध री-पैकिंग और भंडारण के खिलाफ पांच प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई. कार्रवाई में करीब 1 करोड़ 94 लाख 50 हजार 922 रुपए मूल्य का माल जब्त किया गया. जांच के दौरान करीब 1 लाख 19 हजार 186 किलोग्राम खाद्य तेल का स्टॉक मिला. अधिकारियों के मुताबिक, एक ही प्रकार के तेल को रिफाइंड और अल्ट्रा रिफाइंड जैसे अलग-अलग नामों और पैकिंग में बाजार में बेचने का मामला सामने आया है.





