आरटीओ की कार्रवाई से नाराज
चालक ने समृद्धि महामार्ग पर कंटेनर आड़ा कर किया रास्ता जाम

वर्धा /दि.10- ओवरलोड वाहतूक के दौरान आरटीओ की कार्रवाई से नाराज कंटेनर चालक ने रविवार को समृद्धि महामार्ग पर कंटेनर आड़ा खड़ा कर रास्ता जाम कर दिया. इस वजह से मुंबई लेन पर करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से कंटेनर को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया.
जानकारी के अनुसार, कंटेनर क्रमांक एचआर 55 बीए 8544 नागपुर से मुंबई की ओर जा रहा था. वर्धा शहर के समीप येलाकेळी इंटरचेंज के पास गणेशपुर क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के नजदीक सावंगी (मेघे) पुलिस थाना क्षेत्र में एआरटीओ के दल ने कंटेनर को रोककर जांच की. जांच के दौरान दस्तावेजों में खामियां पाए जाने पर चालक के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई. कार्रवाई के बाद एआरटीओ का दल कंटेनर के दस्तावेज अपने साथ लेकर चला गया.
बताया जाता है कि कई घंटे बीत जाने के बावजूद दस्तावेज वापस नहीं मिलने से चालक नाराज हो गया. रविवार शाम करीब 4.45 बजे उसने समृद्धि महामार्ग पर कंटेनर आड़ा खड़ा कर दोनों ओर का रास्ता रोक दिया. इसके चलते मुंबई की ओर जाने वाली लेन पर यातायात पूरी तरह बंद हो गया. चालक ने मौके पर मौजूद अन्य ट्रक चालकों को अपनी परेशानी बताई, जिसके बाद कुछ ट्रक चालकों ने भी उसका समर्थन किया.
घटना की जानकारी मिलते ही जाम स्थित महामार्ग पुलिस और सावंगी (मेघे) थानेदार विनोद गिरी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही कंटेनर चालक वहां से फरार हो चुका था.
* क्रेन से हटाया कंटेनर
महामार्ग पर कंटेनर आड़ा खड़ा होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा. आखिरकार पुलिस ने क्रेन की मदद से कंटेनर को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ. इस घटना के कारण समृद्धि महामार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. मामले में चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू थी. सावंगी पुलिस के थानेदार विनोद गिरी ने चालक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी है.





