18 को वृक्षारोपण के साथ मनेगा सुभाष तलडा का जन्मदिन

गोविंदा ग्रुप का 2,000 पौधे लगाने का संकल्प

* निर्वाणम् परिसर में धूमधाम से होगा वृक्षारोपण
अमरावती/दि.17 – पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ते हुए गोविंदा ग्रुप एक बार फिर हरियाली बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है. जिसके तहत गोविंदा ग्रुप के संस्थापक निदेशक सुभाष तलडा के जन्मदिन के अवसर पर 18 अगस्त को व्यापक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जा रहा है. इस उपक्रम के अंतर्गत इस वर्ष गोविंदा ग्रुप ने 2,000 पौधे लगाने का संकल्प लिया है, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में हरित चेतना का संदेश दिया जाएगा. यह अभियान 18 अगस्त 2026 को प्रातः 9 बजे से नागपुर रोड पर सिटीलैंड मार्र्केट के पास स्थित निर्वाणम् परिसर में आयोजित किया जाएगा.
बता दे कि, गोविंदा ग्रुप द्वारा पिछले कई वर्षों से संस्थापक निदेशक सुभाष तलडा के जन्मदिन को सामाजिक और पर्यावरणीय सरोकारों के साथ मनाने की परंपरा निभाई जा रही है. इसी कड़ी में इस वर्ष अभियान के तहत 2,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इन पौधों में छायादार, फलदार और पर्यावरण संतुलन के लिए उपयोगी विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल रहेंगे. अभियान का उद्देश्य शहर और आसपास के क्षेत्रों में हरित आवरण बढ़ाना, वायु प्रदूषण को कम करना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है.
गोविंदा ग्रुप ने इस अभियान में कर्मचारियों, व्यावसायिक सहयोगियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की है. समूह का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था या सरकारी विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. ग्रुप के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी ले, तो आने वाले वर्षों में शहर को अधिक हरित और प्रदूषणमुक्त बनाया जा सकता है.
एक-एक पेड़ लगाकर बेहतर कल का निर्माण करें की थीम पर आयोजित होने वाला यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक बनेगा. संस्था ने अधिक से अधिक नागरिकों से इस अभियान में शामिल होकर हरित अमरावती के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया है.
इस आयोजन को सफल बनाने हेतु गोविंदा ग्रुप के पदाधिकारी, कर्मचारी, सहयोगी तथा सामाजिक कार्यकर्ता, पर्यावरण प्रेमी नागरिक अभी से तैयारियों में जुटे हुए है. पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में गोविंदा ग्रुप का यह प्रयास न केवल सामाजिक उत्तरदायित्व का उदाहरण है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और हरित भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी माना जा रहा है.

Back to top button