न्यायाधीश के बंगले में 25 लाख की सनसनीखेज चोरी
17 तोला सोना और 1.80 लाख नकद ले उड़े चोर

* वीआईपी सिविल लाइन क्षेत्र में वारदात से हड़कंप
* डॉग स्क्वॉड, फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने शुरू की जांच
परतवाड़ा /दि.19- शहर के वीआईपी माने जाने वाले सिविल लाइन क्षेत्र में सोमवार देर रात न्यायाधीश के बंगले में हुई सनसनीखेज चोरी से पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. मूलतः परतवाड़ा निवासी एवं न्यायिक सेवा में कार्यरत मो. सादिक मो. उमर के बंगले को निशाना बनाते हुए चोर करीब 17 तोला सोना, 20 तोला चांदी और 1 लाख 80 हजार रुपये नकद सहित लगभग 25 लाख रुपये का माल लेकर फरार हो गए.
जानकारी के मुताबिक मंगलवार 18 अगस्त को सुबह 9.30 बजे के दौरान हर दिन की तरह न्यायाधीश मो. सादिक के भाई मो. इनाम मो. उमर यह अपने न्यायाधीश भाई के बंगले पर चक्कर लगाने गये, तब उन्हें बंगले के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा दिखाई दिया. प्रांगण में ही उन्हें एक टॉमी पडी नजर आयी. बंगले में चोरी होने का पता चलते ही मो. इनाम ने तत्काल नागपुर में कार्यरत अपने न्यायाधीश भाई मो. सादिक को घटना की जानकारी दी. न्यायाधीश के बंगले में चोरी होने की खबर फैलने के बाद नागरिकों में तरह-तरह की चर्चा शुरु हो गई. घटना की जानकारी पुलिस को मिलते ही पुलिस का दल, फॉरेंसिक दल व डॉग स्क्वॉड का दल घटनास्थल पर आ पहुंचा. सुबह से शाम तक पुलिस की जांच चलती रही. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले. न्यायाधीश के बंगले में लगे कैमरे बंद पाये गये. दूसरे कैमरों से मिले फूटेज के आधार पर पुलिस ने इस घटना में 5 बदमाशों के रहने का अनुमान लगाया है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वारदात 17 अगस्त की मध्यरात्रि में हुई.
* महावितरण कार्यालय के सामने है बंगला
जिस बंगले में चोरी हुई, वह सिविल लाइन क्षेत्र में महावितरण कार्यालय के सामने स्थित है. यह इलाका परतवाड़ा के प्रमुख वीआईपी क्षेत्रों में माना जाता है. आसपास न्यायाधीशों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों तथा अन्य आला अधिकारियों के आवास हैं. ऐसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में इतनी बड़ी चोरी होने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं.
* वास्तविक नुकसान की जांच जारी
जानकारी के मुताबिक चोरी गए सामान का प्रारंभिक आंकड़ा सामने आया है, जिसमें 17 तोला सोना, 20 तोला चांदी और 1.80 लाख रुपये नकद शामिल बताए जा रहे हैं. कुल नुकसान करीब 25 लाख रुपये होने की जानकारी है. हालांकि पुलिस द्वारा पंचनामा और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही चोरी गए सामान और नुकसान की अंतिम पुष्टि हो सकेगी. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. वीआईपी इलाके में हुई इस वारदात ने शहर में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
* सेंधमारों द्वारा रैकी किये जाने की संभावना
सिविल लाइन परिसर के वीआईपी इलाके में न्यायाधीश के बंद बंगले में हुई इस चोरी के मामले में पुलिस द्वारा संभावना जताई जा रही है कि, चोरों के इस गिरोह ने पहले बंगले की पूरी रैकी की होगी. बंगले में सामान पूरा अस्त-व्यस्त पडा था. बेडरुम में रखी डिजिटल तिजोरी को खोलकर चोरों ने मूल्यवान आभूषण और नकद राशि उडा ली. न्यायाधीश मो. सादिक मूल परतवाडा के रहने वाले है. नागपुर में न्याय विभाग अंतर्गत जिला सत्र न्यायालय में कार्यरत न्यायाधीश मो. सादिक को सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार प्राप्त हुआ. वर्तमान में वे न्याय विभाग से जुडे अन्य फोरम भूसंपादन मामले में कार्यरत है.
* मोटर साइकिल से पहुंचे चोरी करने
पुलिस ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, तब दो मोटर साइकिल पर पांच लोग न्यायाधीश के बंगले के पास पहुंचे रहने का पता चला. चोरों का यह गिरोह मध्य प्रदेश का भी रहने की संभावना जतायी जा रही है. थानेदार अजय आकरे ने बताया कि, एसआईआर अभियान के चलते कुछ घुसपैठियों ने परतवाडा छोडकर मध्यप्रदेश में अपना डेरा जमाया हुआ है. गिरोह के यह सदस्य दिन में परतवाडा और रात में मध्यप्रदेश मेें रहने का अनुमान है. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है.





