इंस्टाग्राम पर घातक हथियार के साथ फोटो वायरल करना पड़ा महंगा, युवक गिरफ्तार

राजापेठ पुलिस ने चाकू जब्त कर की कार्रवाई

अमरावती/दि.19 – सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हाथ में घातक हथियार लेकर फोटो पोस्ट कर उसे वायरल करने वाले 20 वर्षीय युवक के खिलाफ राजापेठ पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से एक चाकू बरामद किया है. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और मुंबई पुलिस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम आदर्श नगर निवासी वेदांत विनोदराव वर्गे (20) है.
जानकारी के मुताबिक राजापेठ पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण को जानकारी मिली थी कि एक युवक हाथ में चाकू जैसा घातक हथियार लेकर फोटो खिंचवा रहा है और उसे इंस्टाग्राम व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर रहा है. इससे आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा होने की आशंका थी. जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने राजापेठ डीबी दल को वायरल फोटो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. 18 अगस्त को शाम करीब 5.30 बजे राजापेठ और उनकी टीम गश्त पर थी. इसी दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सुतगिरणी परिसर, गोपाल नगर में कार्रवाई की. पुलिस ने वेदांत विनोदराव वर्गे (20) को शिव मंदिर के पास से हिरासत में लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से एक चीनी चाकू बरामद हुआ.
* सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन
जानकारी के मुताबिक आरोपी ने हाथ में घातक हथियार लेकर फोटो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था और इसे सोशल मीडिया पर वायरल किया. पुलिस का कहना है कि इस तरह हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन आम लोगों में भय पैदा कर सकता है. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 और मुंबई पुलिस एक्ट की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे और सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले के मार्गदर्शन में थानेदार संदीप चव्हाण, निरीक्षक उमेश मुंढे, नितिन शिंदे, मनीष करपे, पवन तिवारी, पंकज खटे, रवि लिखितकर, शशि शेलके, अंकुश काले, प्रशांत बेलोरकर, अर्जुन कदम, अमोल खंडेजोड, आकाश यादव, रफीक खान, सतीश टपके और आबिद शेख समेत पुलिस कर्मचारियों ने सहयोग किया.

Back to top button