मोर्शी पंचायत समिति की ओर से अन्न सुरक्षा पर कार्यशाला

मोर्शी /दि.21- मोर्शी पंचायत समिति की ओर से शालेय पोषण आहार योजना के अंतर्गत अन्न सुरक्षा मानकों को लेकर महत्वपूर्ण कार्यशाला श्री शिवाजी माध्यमिक विद्यालय, मोर्शी में आयोजित की गई. कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित अतिथियों के स्वागत से हुई. कार्यशाला का प्रास्ताविक एवं मार्गदर्शन डॉ. नितीन उंडे ने किया.
इस अवसर पर अमरावती के अन्न सुरक्षा अधिकारी गजानन गोरे ने विद्यार्थियों को विद्यालय में दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं अन्न सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने पौष्टिक एवं संतुलित आहार, प्रोटीन तथा बच्चों के लिए आवश्यक पोषक तत्वों के बारे में मार्गदर्शन किया. साथ ही खाद्य पदार्थों में होने वाली मिलावट से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी. विद्यालयों में विद्यार्थियों को दिए जाने वाले खिचड़ी जैसे पोषण आहार की तैयारी एवं वितरण के दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, इस पर भी विशेष मार्गदर्शन किया गया. वक्ताओं ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए अन्न सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है.
कार्यक्रम के विचार मंच पर तिवसा पंचायत समिति के शिक्षा विस्तार अधिकारी चंदूभाऊ रामटेके, मोर्शी के शिक्षा विस्तार अधिकारी सुरेंद्र वानखड़े, श्री शिवाजी माध्यमिक विद्यालय के मुख्याध्यापक मिलिंद ढाकुलकर तथा केंद्र प्रमुख ईशान जाधव उपस्थित थे. कार्यशाला में तिवसा, वरुड एवं मोर्शी क्षेत्र की जिला परिषद तथा माध्यमिक विद्यालयों के मुख्याध्यापकों ने सहभाग लिया. कार्यक्रम का संचालन गजानन चौधरी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मंसूरी सर ने किया.





