972 ठेका कर्मचारियों और सिक्युरिटी गार्ड के खातों में सीधे जमा हुई सैलरी

24 घंटे में आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने पूरा किया वादा

* 1.39 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान
अमरावती /दि.22- मनपा के ठेका कर्मचारियों और सिक्योरिटी गार्डों को वेतन के लिए लंबे समय से हो रही परेशानी के बीच मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने गुरुवार को आमसभा में किए अपने वादे को महज 24 घंटे में पूरा कर दिया. शुक्रवार को 972 ठेका कर्मचारियों और सिक्युरिटी गार्डों के बैंक खातों में सीधे 1 करोड़ 39 लाख 75 हजार 973 रुपये जमा किए गए. मनपा के इतिहास में संभवतः यह पहली बार है कि ठेका कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों के खातों में सीधे वेतन जमा किया गया है. आयुक्त के इस त्वरित निर्णय से पिछले कई महीनों से आर्थिक तंगी का सामना कर रहे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है.

* आमसभा में उठाया गया था मुद्दा
पिछले कुछ महीनों से मनपा के विभिन्न विभागों, क्षेत्रीय कार्यालयों तथा मनपा की महत्वपूर्ण संपत्तियों की सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में सिक्युरिटी गार्ड चौबीसों घंटे तैनात हैं. इसके अलावा विभिन्न विभागों में ठेका कर्मचारी भी कार्यरत हैं, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों में नाराजगी थी. गुरुवार को हुई आमसभा में वरिष्ठ पार्षद एवं पूर्व महापौर विलास इंगोले ने इस गंभीर मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया. उन्होंने प्रशासन से सवाल किया था कि जब सिक्युरिटी गार्ड और ठेका कर्मचारियों के सामने भूखमरी जैसी स्थिति पैदा हो गई है, तो उन्हें उनकी बकाया सैलरी आखिर कब मिलेगी?

* बेसिक सैलरी जमा, ईपीएफ-ईएसआईसी की राशि भी होगी अदा
मनपा प्रशासन की ओर से फिलहाल 972 कर्मचारियों के खातों में उनकी बेसिक सैलरी सीधे जमा की गई है. इसके साथ ही कर्मचारियों के हित से जुड़े अन्य भुगतान भी लंबित नहीं रखे जाएंगे. प्रशासन की ओर से कर्मचारियों पर लागू ईपीएफ-ईएसआईसी और जीएसटी की राशि संबंधित विभागों में जमा की जाएगी. इससे कर्मचारियों को भविष्य में मिलने वाले सामाजिक सुरक्षा और अन्य लाभ भी सुरक्षित रहेंगे. आयुक्त डॉ. गोंदावले द्वारा आमसभा में दिए आश्वासन को महज 24 घंटे में अमल में लाने से ठेका कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों में राहत की भावना है.

Back to top button