शिंगणापुर में प्राकृतिक सोयाबीन कृषि कार्यशाला उत्साह से संपन्न

किसानों को आधुनिक तकनीक और फसल प्रबंधन की जानकारी

दर्यापुर/दि.22- महाराष्ट्र प्राकृतिक खेती मिशन के तहत शिंगणापुर में 18 अगस्त को सोयाबीन एवं तुअर फसल प्रबंधन विषय पर कृषि कार्यशाला का आयोजन किया गया. प्रगतिशील किसान संदीप लोहकपुरे के खेत में आयोजित कार्यक्रम को किसानों का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला.
तहसील कृषि अधिकारी आरती साबले के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को एकीकृत फसल प्रबंधन, प्राकृतिक खेती तथा जीवामृत, बीजामृत, नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र, नीम की पत्ती का अर्क और दशपर्णी अर्क जैसी जैविक सामग्री तैयार करने का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया. साथ ही रासायनिक खाद के कम उपयोग, कीट एवं रोग नियंत्रण, फसल प्रबंधन और उत्पादन बढ़ाने के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी गई. सागर बोंडे ने जैविक निविष्ठाएं तैयार करने का प्रात्यक्षिक दिया, जबकि विशाल भड़के ने सोयाबीन फसल प्रबंधन और आधुनिक कृषि तकनीक पर मार्गदर्शन किया. कार्यक्रम में मंडल कृषि अधिकारी विपिन चंदनकर, दीपक पांडे, सहायक कृषि अधिकारी राहुल गौरखेड़े, सागर बोंडे सहित कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे. बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर मार्गदर्शन का लाभ लिया.

Back to top button