नवाथे चौक में 6 सितंबर को होगी विदर्भस्तरीय भव्य दहीहांडी स्पर्धा
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की रहेगी प्रमुख उपस्थिति

अमरावती/दि.24– भारतीय जनता पार्टी और युवा स्वाभिमान पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में 6 सितंबर को नवाथे चौक में विदर्भस्तरीय भव्य दहीहांडी स्पर्धा का आयोजन किया गया है. सुबह 9 बजे से होने वाली इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा अमरावती जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की प्रमुख उपस्थिति रहेगी.
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर युवा स्वाभिमान पार्टी के मार्गदर्शक सुनील राणा और अमरावती मनपा के उपमहापौर सचिन भेंडे ने नवाथे चौक स्थित आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान सुनील राणा ने मनपा अधिकारियों, यातायात विभाग तथा पुलिस अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की. दहीहांडी स्पर्धा के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों, गोविंदा पथकों और वाहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए. उन्होंने आयोजन स्थल पर आने वाले नागरिकों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था, आवश्यकता के अनुसार यातायात मार्ग में बदलाव, यातायात को सुचारु रखने तथा आपातकालीन वाहनों के लिए मार्ग खुला रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा. साथ ही नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सभी उपाय करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए.
सुनील राणा ने कहा कि गोविंदा पथकों और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मनपा प्रशासन, पुलिस, यातायात विभाग और आयोजकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है. आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष की विदर्भस्तरीय दहीहांडी स्पर्धा अमरावती की सांस्कृतिक और उत्सवी परंपरा को नया आयाम देगी. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की उपस्थिति से आयोजन का महत्व और बढ़ गया है. प्रतियोगिता में विदर्भ के विभिन्न क्षेत्रों से गोविंदा पथकों के शामिल होने की संभावना है. इस अवसर पर विलास मराठे, संजय हिंगासपुरे, नितीन बोरेकर, मिलिंद कहाले, अविनाश काले, शुभम उंबरकर, चंदू जावरे, श्याम कथे, भूषण पाटणे, जितेंद्र वरु, राजा बांगडे, संजय बहाले, नितीन भेंडे, आनंद जयस्वाल, राजेश दातखोरे, राहुल काले, अनुराग बोरकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.





