नांदगांव पेठ जिप माध्यमिक स्कूल का सीईओ सत्यम गांधी ने किया औचक निरीक्षण
भौतिक सुविधाओं का लिया जायजा

* लंबित कार्य तत्काल पूरा करने के निर्देश
अमरावती/दि.24 – जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यम गांधी ने नांदगांव पेठ स्थित जिला परिषद माध्यमिक स्कूल एवं कनिष्ठ महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था के साथ-साथ विभिन्न भौतिक सुविधाओं का प्रत्यक्ष जायजा लिया और लंबित कार्यों को तत्काल पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए.
सीईओ गांधी ने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ, सुविधायुक्त और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. स्कूल में आवश्यक भौतिक सुविधाओं से संबंधित कोई भी कार्य लंबित नहीं रहना चाहिए. संबंधित विभाग आवश्यक प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत कर कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें. साथ ही स्कूल की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए.
* 150 मीटर सड़क पर लगाए जाएंगे पेविंग ब्लॉक
स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार से कार्यालय तक करीब 150 मीटर सड़क है. इस मार्ग से विद्यार्थियों को आने-जाने में परेशानी होने की जानकारी निरीक्षण के दौरान सामने आई. इसके बाद गांधी ने निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क पर नए पेविंग ब्लॉक लगाकर इसे सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए.
* बिजली व्यवस्था और कंटेनर टॉयलेट का काम पूरा करने के आदेश
स्कूल की सभी कक्षाओं एवं अन्य कमरों में इलेक्ट्रिक फिटिंग का कार्य तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए गए. वहीं कंटेनर टॉयलेट का काम अधूरा पाए जाने पर सीईओ ने संबंधित एजेंसी से तत्काल संपर्क कर इसे जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए. इस अवसर पर शिक्षा अधिकारी सिद्धेश्वर कालुसे, गटशिक्षणाधिकारी श्वेता गोलेे, अधीक्षक नरेंद्र गायकवाड़, प्राचार्य-मुख्याध्यापक देवेंद्र ठाकरे, विस्तार अधिकारी संदीप बोडखे, निर्माण एवं जलापूर्ति विभाग के शाखा अभियंता, जनसंपर्क अधिकारी हेमंतकुमार यावले, वरिष्ठ सहायक विजय राऊत सहित स्कूल के शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित थे.
* कनिष्ठ महाविद्यालय में दो शिक्षकों की नियुक्ति
प्रधानाचार्य ने बताया कि कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए दो शिक्षकों के पद रिक्त हैं. विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक दो शिक्षकों की नियुक्ति करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए.
* 16 में से केवल 5 सीसीटीवी कैमरे चालू
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए बताया गया कि परिसर में लगाए गए कुल 16 सीसीटीवी कैमरों में से 7 चोरी हो गए हैं, जबकि 4 कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए गए हैं. केवल 5 कैमरे ही वर्तमान में कार्यरत हैं. इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.
* हैंडवॉश स्टेशन और फर्नीचर की मांग
स्कूल में हैंडवॉश स्टेशन उपलब्ध नहीं होने की जानकारी देते हुए इसे तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की गई. स्कूल में 693 विद्यार्थी होने के कारण पर्याप्त डेस्क-बेंच की आवश्यकता भी बताई गई. इसके अलावा शिक्षकों के लिए कुर्सियां, टेबल और अलमारियां उपलब्ध कराने की मांग रखी गई.
* खेल मैदान के विकास का प्रस्ताव
सीईओ गांधी ने स्कूल परिसर और खेल मैदान का भी निरीक्षण किया. मैदान के समतलीकरण एवं विकास के लिए जिला क्रीड़ा अधिकारी के पास तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए. इसके अलावा विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए स्कूल के पोषण आहार किचन शेड के विस्तार तथा विद्यार्थियों के लिए वाटर कूलर उपलब्ध कराने की मांग भी मुख्याध्यापक की ओर से रखी गई. निरीक्षण के दौरान गांधी ने स्कूल की छात्र संख्या, शैक्षणिक विकास और विद्यार्थियों की गुणवत्ता संबंधी जानकारी ली और संतोष व्यक्त किया. उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवश्यक भौतिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया.





