मोर्शी की जिला परिषद माध्यमिक शाला में चोरी
दरवाजे-ताले तोड़कर सामान अस्त-व्यस्त

मोर्शी /दि.25– जिला परिषद माध्यमिक शाला, मोर्शी में अज्ञात चोरों ने शालेय कार्यालय, विभिन्न कक्षों तथा पंचायत समिति के शिक्षा विभाग के नियंत्रण वाले दिव्यांग थेरपी कक्ष के दरवाजे, कड़ी-कोयंडे, ताले और कपाट तोड़कर भीतर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया. इस घटना में करीब 30 हजार रुपये का नुकसान होने का प्रथमदृष्टया अनुमान लगाया गया है. इस संबंध में स्कूल के मुख्याध्यापक मनोहर मुंढे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
शनिवार 22 अगस्त को विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद स्कूल देर शाम बंद कर दिया गया था. रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के बाद सोमवार 24 अगस्त की सुबह जब स्कूल खोला गया, तो मुख्याध्यापक और उपस्थित विद्यार्थियों को कई कमरों के दरवाजे खुले मिले. साथ ही कई ताले और कपाट टूटे हुए थे. स्कूल का सामान बड़े पैमाने पर अस्त-व्यस्त पड़ा था और कुछ सामग्री चोरी होने की बात भी सामने आई. घटना की जानकारी मुख्याध्यापक मनोहर मुंढे ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को फोन के माध्यम से दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्कूल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पंचनामा किया.
* बार-बार हो रही घटनाओं से चिंता
मुख्याध्यापक ने अपनी शिकायत में बताया है कि स्कूल परिसर में इस तरह की घटनाएं पहले भी बार-बार हो चुकी हैं. उन्होंने मामले की गहन जांच कर दोषियों का पता लगाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने की मांग की है.





