डफरीन से स्थलांतरीत सभी 36 बच्चे सकुशल व सुरक्षित
30 नवजातों को विभिन्न अस्पतालों में किया गया स्थानांतरित

* 6 नवजातों को सुरक्षित होने पर परिजनों के सुपुर्द किया गया
* पीडीएमसी में सबसे अधिक 11, मुरके अस्पताल में 8, होप अस्पताल में 6, पारिजात में 2 और सुपर स्पेशालिटी में 2 नवजात भर्ती
अमरावती/दि.25 – डफरीन अस्पताल के नवजात शिशु अतिदक्षता विभाग (एनआईसीयू/एसएनसीयू) में हुई भीषण आग के बाद अस्पताल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां भर्ती नवजातों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया. हादसे के समय विभाग में भर्ती बच्चों को तत्काल विभिन्न निजी एवं शासकीय अस्पतालों में भेजा गया, जबकि पूरी तरह सुरक्षित पाए गए 6 नवजातों को उनकी माताओं एवं परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अग्निकांड के बाद कुल 30 नवजात शिशुओं को उपचार एवं निगरानी के लिए पांच अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया. इनमें 17 बालक और 13 बालिकाएं शामिल है. कई मामलों में जुड़वां बच्चों को भी स्थानांतरित किया गया.
डफरीन अग्निकांड के बाद बच्चों को सुरक्षित निकालकर विभिन्न अस्पतालों में स्थानांतरित करना चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, दमकल कर्मियों और प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता रही. फिलहाल अधिकांश नवजातों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.
* पीडीएमसी में भेजे गए सर्वाधिक 11 नवजात
पीडीएमसी अस्पताल में कुल 11 नवजातों को भर्ती किया गया. इनमें 6 बालक और 5 बालिकाएं शामिल हैं. इनमें अर्पिता सावरकर (पुत्र), हसिना बानो (पुत्र), सेल्विना गुगलिया (पुत्री), राधिका हेकडे (जुड़वां पुत्र एवं पुत्री), लक्ष्मी दहीकर (पुत्र), सोफिया बी. (पुत्री), मोहिनी सागले (पुत्र), दुर्गा शेंडे (पुत्र), आरती खेरडे (पुत्री) तथा अश्विनी धुर्वे (पुत्री) के नवजात शामिल हैं.
* मुरके अस्पताल में 8 नवजात भर्ती
मुरके अस्पताल में कुल 8 नवजातों को स्थानांतरित किया गया, जिनमें 4 बालक और 4 बालिकाएं शामिल हैं. यहां समीक्षा मेहरे (पुत्री), प्रमिला जामुनकर (पुत्र), हिना नूर (पुत्र), नम्रता पंतवने (जुड़वां पुत्र एवं पुत्री), रजिया खातून (पुत्री), तसव्वुर जहां तसलीम खान (पुत्री) तथा सुमरती वाडिवा (पुत्र) के बच्चों को भर्ती किया गया.
* होप अस्पताल में 6 नवजातों का उपचार
होप अस्पताल में कुल 6 नवजातों को भर्ती किया गया. इनमें 4 बालक और 2 बालिकाएं शामिल हैं. यहां सोनाली बंड (पुत्र), सालिहा शेख (पुत्र), मनीषा धांडे (पुत्र), शाजिया तबस्सुम (पुत्री), सुजाता सहारे (पुत्री) तथा सबा नाज अजीज शाह (पुत्र) के नवजातों का उपचार जारी है.
* पारिजात अस्पताल में 2 नवजात
पारिजात अस्पताल में दो नवजातों को भर्ती कराया गया. दोनों ही बालक हैं. इनमें सबा आफरीन (पुत्र) तथा तबस्सुम परवीन हसन खान (पुत्र) के नवजात शामिल हैं.
* सुपर स्पेशालिटी अस्पताल में 2 नवजात
सुपर स्पेशालिटी अस्पताल में दो नवजातों को भर्ती किया गया. इनमें एक बालक और एक बालिका शामिल हैं. यहां हिना कौसर (पुत्री) तथा मिस्बा तबस्सुम अहमद (पुत्र) के नवजातों का उपचार किया जा रहा है.
* छह नवजात सुरक्षित होने पर परिजनों को सौंपे गए
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, अग्निकांड के समय एनआईसीयू में भर्ती अन्य 6 नवजात बच्चे पूरी तरह सुरक्षित और स्थिर स्थिति में पाए गए. चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें उनकी माताओं एवं परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
* अस्पतालवार स्थिति एक नजर में
अस्पताल नवजातों की संख्या बालक बालिकाएं
पीडीएमसी 11 6 5
मुरके अस्पताल 8 4 4
होप अस्पताल 6 4 2
पारिजात अस्पताल 2 2 0
सुपर स्पेशालिटी अस्पताल 2 1 1
कुल 29 17 12





