करजगांव में बाघ नहीं, तेंदुए की मौजूदगी के संकेत

वन विभाग की जांच में बाघ के पगमार्क नहीं मिले

* आसपास के गांवों में सतर्कता की अपील
तिवसा /दि.31- तिवसा तहसील के करजगांव परिसर में बाघ दिखाई देने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया. जांच के दौरान बाघ के पगमार्क नहीं मिले, बल्कि क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी के संकेत पाए गए.
वन विभाग की टीम ने आसपास के इलाके में निरीक्षण कर मिले पैरों के निशानों की जांच की. प्रारंभिक जांच में यह निशान बाघ के नहीं, बल्कि तेंदुए के होने की बात सामने आई है. इसके बाद वन विभाग ने करजगांव सहित आसपास के गांवों के नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है. वन विभाग ने करजगांव, दापोरी, सातरगांव तथा आसपास के गांवों के नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने को कहा है. ग्रामीणों को रात के समय अकेले खेतों या सुनसान इलाकों में जाने से बचने और बच्चों को घर से बाहर अकेले न जाने देने की सलाह दी गई है. वन विभाग की टीम क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है. ग्रामीणों से अपील की गई है कि यदि किसी को तेंदुआ दिखाई देता है या उसकी गतिविधि के कोई संकेत मिलते हैं, तो स्वयं उसका पीछा या उसे पकड़ने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें. बाघ दिखाई देने की खबर के बाद पैदा हुई दहशत के बीच वन विभाग की जांच से फिलहाल बाघ की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि, तेंदुए के संकेत मिलने के कारण ग्रामीणों में सावधानी बरतने की जरूरत बनी हुई है.

Back to top button