तेज रफ्तार कार की टक्कर से कपड़ा व्यापारी की मौत

रहटगांव-रिंगरोड मार्ग पर दर्दनाक हादसा

* नशे में धुत कार चालक गिरफ्तार
अमरावती/दि.31 रहटगांव से रिंगरोड की ओर जाने वाले मार्ग पर शनिवार रात करीब 8 बजे तेज रफ्तार कार ने दुपहिया को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में टू-व्हीलर सवार कपड़ा व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक का नाम कंवरनगर निवासी अनिल प्रेमचंद्र नानवानी (46) है.
जानकारी के मुताबिकअनिल नानवानी की बिजीलैंड मार्केट में ‘किस्मत कलेक्शन’ नाम से कपड़ों की दुकान है. रोजाना की तरह शनिवार को भी वह दुकान पर गए थे. शाम के समय कुछ व्यापारियों को पेमेंट करने के लिए वे शहर आए थे. पेमेंट का काम पूरा करने के बाद रात करीब 8 बजे वे दुपहिया वाहन से वापस बिजलैंड मार्केट लौट रहे थे. इसी दौरान रहटगांव के सामने पीछे से नागपुर की दिशा से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उनकी टू-व्हीलर को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनिल नानवानी और उनकी टू-व्हीलर को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गई. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. नागरिकों ने कार को रोककर चालक को पकड़ लिया. आक्रोशित लोगों ने चालक की पिटाई भी की. हालांकि, कार में सवार दो अन्य युवक मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर नांदगांवपेठ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया. पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक जांच में चालक के शराब के नशे में होने की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि कार में सवार तीनों युवकों ने अत्यधिक शराब पी रखी थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. फरार दोनों युवकों की तलाश की जा रही है. हादसे के कारण एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

Back to top button