होमगार्ड कैंपस के विकास को मिली नई दिशा
एसपी निकेतन कदम के हाथों सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन

* प्रशिक्षण केंद्र में सुविधाओं के विस्तार को गति
अमरावती/दि.31- अमरावती स्थित जिला प्रशिक्षण केंद्र होमगार्ड के कैंपस में विकास कार्यों को गति मिल रही है. इसी क्रम में कैंपस में सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के हाथों उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया.
होमगार्ड जवानों को प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कैंपस की बुनियादी सुविधाओं में सुधार किया जा रहा है. सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद कैंपस में आवागमन अधिक सुगम होगा और प्रशिक्षण के लिए आने वाले जवानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. इस विकास कार्य में पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम का सकारात्मक नेतृत्व महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वे होमगार्ड जवानों की सुविधाओं और प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दे रहे हैं. उनके मार्गदर्शन में विभाग की विभिन्न विकास योजनाओं को गति मिल रही है. अपर पुलिस अधीक्षक तथा जिला समादेशक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन में भी जिला होमगार्ड दल के विकास को योजनाबद्ध दिशा मिल रही है. प्रशासन, अधिकारियों और जवानों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं.
* केंद्र नायक राम पिंजरकर की अहम भूमिका
कैंपस के विकास की पूरी प्रक्रिया में केंद्र नायक राम पिंजरकर की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है. जिला प्रशिक्षण केंद्र की दैनिक व्यवस्था से लेकर विकास कार्यों के समन्वय तक उन्होंने लगातार पहल की है. कैंपस की आवश्यकताओं को समझना, जरूरी विकास कार्यों की ओर वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करना, संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच समन्वय स्थापित करना और कार्यों की प्रगति का लगातार फॉलोअप लेना जैसी जिम्मेदारियां उन्होंने निभाई हैं. होमगार्ड जवानों को प्रशिक्षण के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने, कैंपस को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाने के लिए उनके प्रयास जारी हैं. वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रभावी समन्वय और योजनाबद्ध कार्यशैली के कारण विकास कार्यों को गति मिलने की बात कही जा रही है.
* भूमिपूजन के बाद पौधारोपण
सड़क निर्माण कार्य के भूमिपूजन के बाद पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के हाथों होमगार्ड ग्राउंड में पौधारोपण भी किया गया. विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से यह उपक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी दीपक यवतकर, श्री ठाकरे, अंकुश मशीनकर, ठेकेदार सहित भूषण पोटे, कपिल धवने, सुधाकर रामटेके, चंद्रकांत पवार, समादेशक अधिकारी राठौड़, करवाड़े, अजय आसोले, तायडे, मनीष जोगी, भुसारी, वैशाली शेलारे, मंडले, बडगे, सिंहाले और समीर सहित अन्य उपस्थित थे. होमगार्ड दल पुलिस प्रशासन को विभिन्न बंदोबस्त, आपदा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक सेवाओं में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करता है. ऐसे में प्रशिक्षण केंद्र का विकास जवानों की कार्यक्षमता और प्रशिक्षण व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम का नेतृत्व, जिला समादेशक दत्ता तोटेवाड़ का मार्गदर्शन और केंद्र नायक राम पिंजरकर के योजनाबद्ध प्रयासों से होमगार्ड कैंपस के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.





