युवा स्वाभिमान पार्टी ने रद्द किया दहीहांडी उत्सव!
डफरीन अस्पताल हादसे में नवजात शिशुओं की मौत के बाद लिया गया फैसला

* आयोजन पर होने वाला खर्च सामाजिक सहायता कार्यों में किया जाएगा उपयोग
* भाजपा नेत्री व पूर्व सांसद नवनीत राणा की अपील पर दिया गया सकारात्मक प्रतिसाद
* पार्टी के मुखिया व विधायक रवि राणा एवं मार्गदर्शक सुनील राणा की उपस्थिति में हुई बैठक में आयोजन को रद्द करने का निर्णय
* 2 सितंबर को पत्रवार्ता में पार्टी करेगी अधिकारिक घोषणा
अमरावती/दि.31 – अमरावती के डफरीन (जिला महिला) अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड में तीन नवजात शिशुओं की दर्दनाक मौत और कई बच्चों के घायल होने की घटना के बाद युवा स्वाभिमान पार्टी ने इस वर्ष आयोजित किए जाने वाले अपने सभी भव्य दहीहांडी उत्सव रद्द करने का निर्णय लिया है. यह फैसला सोमवार को पार्टी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया. बैठक दोपहर लगभग 4.30 बजे तक चली, जिसमें युवा स्वाभिमान पार्टी के संस्थापक एवं विधायक रवि राणा, पार्टी मार्गदर्शक सुनील राणा, वरिष्ठ पदाधिकारी तथा संगठन के अन्य जिम्मेदार प्रतिनिधि उपस्थित रहे. बैठक में अस्पताल हादसे से उत्पन्न परिस्थितियों और जनभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसके बाद सर्वसम्मति से दहीहांडी उत्सव रद्द करने का निर्णय लिया गया.
बता दें कि, एक दिन पूर्व भाजपा नेत्री एवं पूर्व सांसद नवनीत राणा ने युवा स्वाभिमान पार्टी के पदाधिकारियों को पत्र लिखकर इस वर्ष दहीहांडी उत्सव रद्द करने का आग्रह किया था. उन्होंने कहा था कि जब पूरा अमरावती जिला नवजात शिशुओं की मृत्यु से शोकाकुल है, तब उत्सव और जश्न का आयोजन उचित नहीं होगा. अपने पत्र में पूर्व सांसद नवनीत राणा ने उल्लेख किया था कि डफरीन अस्पताल के नवजात शिशु विभाग में वेंटिलेटर में हुए विस्फोट के बाद लगी आग में तीन मासूम बच्चों की जान चली गई, जबकि छह अन्य नवजात घायल हुए. इस घटना ने न केवल प्रभावित परिवारों को गहरा आघात पहुंचाया है, बल्कि पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है.
पूर्व सांसद राणा ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले से भी चर्चा कर इस वर्ष दहीहांडी उत्सव स्थगित या रद्द करने का अनुरोध किया था. उन्होंने कहा था कि दहीहांडी महाराष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में उत्सव मनाने से अधिक महत्वपूर्ण पीड़ित परिवारों के दुख में सहभागी बनना है. पूर्व सांसद नवनीत राणा ने अपने पत्र में यह भी सुझाव दिया था कि दहीहांडी उत्सव पर होने वाले खर्च को अस्पताल हादसे से प्रभावित परिवारों की सहायता, जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग, बेरोजगार युवाओं और निराधार लोगों की मदद जैसे सामाजिक कार्यों में लगाया जाए.
युवा स्वाभिमान पार्टी ने इस भावना का सम्मान करते हुए दहीहांडी उत्सव रद्द करने के निर्णय पर मुहर लगा दी है. पार्टी सूत्रों के अनुसार अमरावती के नवाथे चौक सहित अंजनगांव सुर्जी, परतवाड़ा, धारणी और तिवसा में प्रस्तावित सभी दहीहांडी कार्यक्रम अब आयोजित नहीं किए जाएंगे. पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि यह निर्णय मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी को ध्यान में रखकर लिया गया है. नवजात शिशुओं की मौत से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पार्टी ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी जाएगी.
इस विषय पर चर्चा करने आज स्थानीय शंकर नगर मार्ग स्थित युवा स्वाभिमान पार्टी के नेताओं एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें पार्टी के मुखिया व विधायक रवि राणा एवं मार्गदर्शक सुनील राणा, मनपा के उपमहापौर सचिन भेंडे , गटनेता नाना आमले सहित सभी पार्षद तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे. सभी नेताओं एवं पदाधिकारियों ने डफरीन अस्पताल में घटित भीषण अग्निकांड एवं तीन नवजात बच्चो़ं की मौत वाली घटना को ध्यान में रखते हुए आगामी 6 सितंबर को आयोजित किए जानेवाले दहीहांडी उत्सव के आयोजन को रद्द कर दिया जाए. साथ ही इस आयोजन पर खर्च की जानेवाली रकम में से होनेवाली बचत से प्रभावित परिवारों को मदद दी जाये.
आज हुई बैठक में लिए गये फैसले की अधिकारिक घोषणा पार्टी द्वारा आगामी 2 सितंबर को पत्रवार्ता बुलाते हुए विस्तार के साथ दी जायेगी, जिसमें यह बताया जायेगा कि पार्टी की ओर से प्रभावित परिवारों को किस तरह से मदद दी जानेवाली है. इस निर्णय को जिले में व्यापक समर्थन मिल रहा है और इसे दुख की घड़ी में संवेदनशीलता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का उदाहरण माना जा रहा है.





