अंधेरे कुएं में दो दिन जिंदगी से जूझती रहीं 75 वर्षीय बुजुर्ग

सांप-केकड़ों के बीच बचाई जान

नाशिक/दि.1- महाराष्ट्र के नाशिक जिले के चांदवड़ में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने मौत को मात देते हुए जिंदगी की जंग जीत ली. चंद्रभागा धुलाजी व्हरकटे नामक महिला करीब दो दिनों तक एक खुले और अंधेरे कुएं में फंसी रहीं. इस दौरान न उनके पास खाने के लिए कुछ था और न ही पीने का पानी. कुएं में सांप, कीड़े और केकड़े भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. आखिरकार स्थानीय युवकों की तत्परता से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
जानकारी के अनुसार, चंद्रभागा आजी 29 अगस्त को अपने बेटे के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थीं. इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं. परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. इसी दौरान पता चला कि वह बस स्टैंड के पास स्थित एक खुले कुएं में गिर गई हैं. कुएं में गिरने के बाद भी चंद्रभागा ने हिम्मत नहीं छोड़ी. उन्होंने मोटर के पाइप और रस्सी को मजबूती से पकड़कर रखा. अंधेरे कुएं में करीब दो दिन तक भूखी-प्यासी रहने के बावजूद उन्होंने अपनी पकड़ नहीं छोड़ी और लगातार खुद को बचाए रखने का प्रयास करती रहीं. कुएं में सांप और केकड़े होने के बावजूद उन्होंने धैर्य बनाए रखा. इसी बीच स्थानीय युवक गणेश पारवे की नजर कुएं के अंदर गई तो उन्होंने महिला को वहां फंसा देखा. उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी. इसके बाद स्थानीय युवक, चांदवड़ पुलिस और नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया. बुजुर्ग महिला को तत्काल पिंपलगांव के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है.

Back to top button