नवजात शिशुओं को मौन श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों को 50 लाख की मदद
युवा स्वाभिमान पार्टी ने दहीहांडी को सामाजिक सरोकारों के लिए किया समर्पित

अमरावती/दि.7 – अमरावती जिला महिला अस्पताल में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मृत नवजात शिशुओं को मौन श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवा स्वाभिमान पार्टी की ओर से रविवार, 6 सितंबर को नवाथे चौक पर विभिन्न सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी उपक्रमों का आयोजन किया गया. विधायक रवि राणा और भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद नवनीत राणा की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद, पीड़ित, दिव्यांग, विद्यार्थी, किसान और संकटग्रस्त परिवारों को करीब 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई.
कार्यक्रम के दौरान नवजात शिशुओं के साथ ही विभिन्न दुर्घटनाओं एवं अन्य कारणों से मृत स्व. शर्वरी हाडके, स्व. महेंद्र सिरसाट, स्व. लोकेश म्हाला, स्व. विवेक महाजन और स्व. संतोष नवाथे को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. पूर्व सांसद नवनीत राणा ने कहा कि केवल भव्य दहीहांडी कार्यक्रम रद्द कर देना पर्याप्त नहीं है. जिस स्थान पर उत्सव होना था, वहीं पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होकर उन्हें आर्थिक सहायता देना ही उनके दुख में सच्चे अर्थों में सहभागी होना है. उन्होंने कहा कि दुख की घड़ी में केवल संवेदना व्यक्त करने के बजाय जरूरतमंद परिवारों को प्रत्यक्ष सहायता उपलब्ध कराना सामाजिक जिम्मेदारी है. विधायक रवि राणा ने कहा कि राजनीतिक नेताओं को केवल राजनीति तक सीमित न रहते हुए पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए. राजनीति की जगह राजनीति और समाजकारण की जगह समाजकारण होना चाहिए. इंसान कितने वर्ष जिया, इससे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि वह लोगों के लिए कितना जिया. उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को केवल आश्वासन देने के बजाय संकट के समय उनके साथ खड़ा होना ही वास्तविक जनसेवा है.
* गर्भवती महिलाओं के लिए एक वर्ष तक नि:शुल्क उपचार
जिला महिला अस्पताल और सामान्य अस्पताल पर मरीजों का भार कम करने के उद्देश्य से युवा स्वाभिमान पार्टी की ओर से महत्वपूर्ण घोषणा की गई. अमरावती जिले की जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं को एक वर्ष तक डॉ. राजेंद्र गोले मेडिकल कॉलेज, मार्डी रोड में नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा. इसमें सिजेरियन ऑपरेशन, दवाइयां और आवश्यक उपचार भी नि:शुल्क उपलब्ध कराने की घोषणा विधायक रवि राणा ने की.
* 400 महिलाओं को सिलाई मशीन व आर्थिक सहायता
कार्यक्रम के दौरान जिला महिला अस्पताल की पीड़ित परिवारों की महिलाओं सहित करीब 400 महिलाओं को सिलाई मशीन और 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई. महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और परिवार की आय में सहयोग देने के उद्देश्य से यह सहायता दी गई. विभिन्न दुर्घटनाओं में परिवार के कमाऊ सदस्य को खो चुके परिवारों को भी आर्थिक मदद दी गई. स्व. महेंद्र सिरसाट के बच्चों की शिक्षा के लिए एक लाख रुपये तथा स्व. लोकेश म्हाला के बच्चों की शिक्षा के लिए एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई. इसके अलावा विभिन्न जरूरतमंद परिवारों को चेक एवं नकद राशि के माध्यम से सहायता दी गई.
* डॉक्टर, नर्स और सुरक्षा कर्मियों का सम्मान
जिला महिला अस्पताल की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के दौरान विपरीत परिस्थितियों में ड्यूटी निभाने वाले डॉक्टरों, नर्सों, सुरक्षा रक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों का सम्मान किया गया. बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली सुरेखा मनोहर धनविजय और कीर्ति राजभाऊ गणवीर को 51-51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई. अन्य कर्मचारियों को भी सम्मानित करते हुए आर्थिक सहायता प्रदान की गई.
* दिव्यांगों और जरूरतमंद विद्यार्थियों को भी सहायता
जन्मजात दिव्यांगता अथवा गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चों के परिवारों को भी आर्थिक सहायता दी गई. कान की मशीन के रखरखाव के लिए जरूरतमंद बच्चों को सहायता प्रदान की गई. इसके अलावा 100 से अधिक दृष्टिबाधित, दिव्यांग और मतिमंद नागरिकों को आर्थिक सहायता एवं आवश्यक सामग्री वितरित की गई. मनपा प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूल, जेवड़ पवन नगर क्रमांक 1 के विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित की गईं. आरोही सागर सरकटे और शिवण्या सागर सरकटे को पुस्तकें, जूते, वॉटर बैग सहित शैक्षणिक सामग्री दी गई. अजय प्रफुल पवार को आगे की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई.
* स्वास्थ्य शिविर में हजारों नागरिकों ने लिया लाभ
कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्वास्थ्य शिविर में हजारों नागरिकों ने लाभ लिया. बालरोग विशेषज्ञों द्वारा बच्चों की जांच की गई. नागरिकों के लिए नि:शुल्क नेत्र जांच तथा जरूरतमंदों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए. साथ ही रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें युवाओं और नागरिकों ने बड़ी संख्या में रक्तदान किया.
* किसान और दुर्घटनाग्रस्त परिवारों को आर्थिक मदद
अमरावती जिले के विभिन्न तहसीलों के आत्महत्या प्रभावित किसान परिवारों तथा दुर्घटनाओं में मृत्यु होने वाले परिवारों को भी आर्थिक सहायता दी गई. चेक एवं नकद राशि के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को मदद उपलब्ध कराई गई.
* दहीहांडी को विकास कार्यों के नाम समर्पित किया
इस वर्ष युवा स्वाभिमान पार्टी ने दहीहांडी उत्सव को सामाजिक सरोकार और जिले के विकास कार्यों को समर्पित किया. भव्य आयोजन का दिखावा न करते हुए सादगी से दहीहांडी मनाई गई. राधा-कृष्ण की वेशभूषा में पहुंचे बाल गोपालों के हाथों पूजा-अर्चना कर दहीहांडी फोड़ी गई. दहीहांडी को पीएम मित्रा टेक्सटाइल, चिखलदरा स्काय वॉक, बेलोरा पायलट ट्रेनिंग सेंटर, अमृत-2 जल योजना, अमरावती विमानतल, बडनेरा रेलवे वैगन फैक्टरी, हनुमान गढ़ी, बडनेरा शासकीय मेडिकल कॉलेज, रेलवे अंडरपास फ्लायओवर, छत्री तालाब सौंदर्यीकरण, बोधिभूमि सांस्कृतिक संकुल, अंबादेवी एवं एकवीरा देवी मंदिर सौंदर्यीकरण, अकोली रेलवे स्टेशन और बडनेरा मॉडल रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न विकास कार्यों को समर्पित किया गया.
कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त घुगे, ह.भ.प. एड. सागर देशमुख महाराज, सिंधी पु.पं. संतोषजी नवालानी, कंवरधाम के राजेशजी मोरडिया, सु. श्रीराम प्रिया, डॉ. अरोरा, महानुभव पंथ के पिंटू महाराज सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे. ट्रैफिक पुलिस प्रमुख संजय खताडे और राजापेठ थाने के पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण की भी प्रमुख उपस्थिति रही. इस अवसर पर युवा स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीलकंठराव कात्रे, मार्गदर्शक सुनील राणा, विनोद जायवाल, जिलाध्यक्ष प्रकाश साबले, महिला जिलाध्यक्ष सोनाली नवले, उपमहापौर सचिन भेंडे, गुटनेता नाना आमले, शिक्षा सभापति एड. प्रीति रेवणे, नगरसेवक प्रशांत वानखड़े सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, नगरसेवक, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित थे. श्रद्धांजलि, आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य सेवा, रक्तदान, दिव्यांगों की मदद, विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग और किसानों के संकट में साथ खड़े होने जैसे विभिन्न उपक्रमों के माध्यम से इस वर्ष की दहीहांडी को सामाजिक संवेदना और जनसेवा का संदेश देने वाला आयोजन बनाया गया.





