छात्राओं को छुट्टी से होस्टल लौटने पर कराना पड रहा प्रेग्नेंसी टेस्ट
लडकियों से मांग रहे चरित्र का ‘सरकारी सबूत’

नाशिक /दि.25 – महाराष्ट्र राज्य आवासीय स्कूल में 13 साल से बडी लडकियों को हर छुट्टी के बाद सरकारी अस्पताल जाकर चरित्र की शुद्धता का ‘सरकारी सबूत’ देना पड रहा है. घोटी और कलवण कस्बे में देखा गया कि, पोला त्यौहार की छुट्टी के बाद होस्टल लौटी लडकियों की अस्पतालों में कतार लगी थी.
अस्पताल की मुहर के साथ प्रेग्नेंसी निगेटिव लिखी मेडिकल फिटनेस सर्टीफिकेट लेकर वे शर्मिंदगी के साथ बाहर निकल रही थी. छात्राएं नाबालिग है, इसलिए पहचान छिपाने के लिए उनके और स्कूलों के नाम गोपनीय रखे गए है.
* स्कूल के बच्चे चिढाते हैं, गांव के लोग हंसते हैं : लेकिन क्या करें… – त्यौहार पर एक हफ्ते की छुट्टी लेकर घर गई थी. अब स्कूल जाने से पहले यह टेस्ट कराने को कहा गया. दूसरे बच्चे चिढाते हैं, बहुत शर्म आती है. इसके लिए पिता को साथ लेकर आना पडता है, लेकिन क्या करें?
– मुझे दूसरी बार यह टेस्ट कराना पड रहा है. स्कूल में प्रवेश लेते समय भी यह टेस्ट करवाया था. अब छुट्टी से लौटने के बाद करवा रही हूं. गांव में पता चलने पर लोग हंसते हैं, लेकिन स्कूल के लिए करना पडता है.
* मंत्री कह रहे – ऐसा नहीं होता
हमारा विभाग ऐसी जांच नहीं करवाता. आवासी स्कूलों में प्रवेश से पहले छात्राओं का केवल मेडिकल टेस्ट किया जाता है. प्रेग्नेंसी टेस्ट नहीं.
– अशोक उईके
आदिवासी विकास मंत्री.
* हर सरकारी होस्टल में हो रहा टेस्ट
राज्य के हर सरकारी होस्टल में यह टेस्ट हो रहा है. अस्पताल में कीट नहीं होती, तो लडकियों को खुद खरीदकर लानी पडती है. यह आदिवासी बच्चों का शोषण है.
– भगवान मधे, एल्गार संगठन.
* आदिवासी छात्रावासों में असुविधा, सीएम से मिलेंगे आंदोलनकारी
आदिवासी छात्रावासों में व्याप्त असुविधाओं और विभिन्न मांगों को लेकर पिछले करीब डेढ महिने से आंदोलन कर रहे आदिवासी. युवाओं ने अब अपनी मांगे सीधे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने रखने का निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री से पहले आंदोलनकारियों के प्रतिनिधि मंडल ने गुरुवार को जिलाधिकारी आयुष प्रसाद से मुलाकात की. चर्चा के बाद भी उनकी समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो सका. इस पर अब उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष सीधे अपनी मांगे रखने का निर्णय लिया है. आंदोलनकारियों के अनुसार, आगामी शनिवार को नागपुर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात करने का प्रयास किया जाएगा.





