पुराने विवाद में 22 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर हत्या

शिवणी में वारदात के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई

फरार होने की तैयारी में तीन आरोपी दो घंटे में पकड़े गए
अकोला/दि.30 – शिवणी परिसर में पुराने विवाद को लेकर हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया. धारदार चाकू से किए गए हमले में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई. घटना के बाद अकोला स्थानीय अपराध शाखा और एमआईडीसी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फरार होने की तैयारी कर रहे तीन आरोपियों को महज दो घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया. इस मामले में मारपीट में घायल एक अन्य आरोपी को भी पुलिस ने अस्पताल से अपने कब्जे में लिया है.
जानकारी के मुताबिक 29 सितंबर को किसान नगर, शिवणी निवासी उजेफखान नजीरखान (20) ने एमआईडीसी थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के मुताबिक क्रांतिनगर, शिवणी निवासी कुछ लोगों ने पुराने विवाद को लेकर शिकायतकर्ता और उसके भाई के साथ विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान उसके ममेरे भाई सैय्यद फैजान सैय्यद रफीक (22) पर धारदार चाकू से हमला किया गया. चाकू के वार में गंभीर रूप से घायल फैजान को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
* सात पुलिस टीमों ने शुरू की तलाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक नितीन लेव्हरकर और एमआईडीसी थाने के प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक विजय जाधव को आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए. इसके बाद पुलिस निरीक्षक नितीन लेव्हरकर ने अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा कर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई. आरोपियों की तलाश के लिए एलसीबी की पांच और एमआईडीसी पुलिस की दो, कुल सात टीमें गठित की गईं.
* तकनीकी जांच से मिला सुराग
पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की. इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी शिवणी रेलवे स्टेशन परिसर में मौजूद हैं और वहां से फरार होने की तैयारी कर रहे हैं. सूचना मिलते ही एलसीबी और एमआईडीसी पुलिस की टीमों ने रेलवे स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर दी. पुलिस की भनक लगते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम शिवणी निवासी अक्षय उर्फ अजय गजानन कंकाल (23), आदित्य उर्फ रावण शरद वानखेडे (20) औरर संतोष गजानन काशीदे (43) है. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर मृतक पर हमला करने की बात बताई है. घटना में शामिल सत्यम उर्फ गोलू सुरेश गवई (25) भी मारपीट में घायल हुआ था. उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पुलिस ने अस्पताल से उसे भी हिरासत में ले लिया है. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है.

Back to top button