महिला ड्रग तस्कर के घर से मिला खजाना

56 लाख रुपये की नकदी, 355 ग्राम सोना, संपत्ति के दस्तावेज

दिल्ली /दि30- दिल्ली पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला ड्रग तस्कर पार्वती के घर से भारी मात्रा में नकदी और सोना बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, बावाना स्थित जे.जे. कॉलोनी में पार्वती के घर और लॉकर की तलाशी के दौरान 56 लाख 69 हजार रुपये नकद, 355 ग्राम सोने के आभूषण, 161 ग्राम चांदी के आभूषण और संपत्ति के पंजीकरण से संबंधित चार दस्तावेज बरामद किए गए. पुलिस का कहना है कि यह रकम और संपत्ति मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित की गई हो सकती है.
पुलिस के मुताबिक, बावाना की न्यू सनौठ कॉलोनी स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर छापेमारी की गई थी. इस कार्रवाई में महिला आरोपी नियाज की पत्नी पार्वती और उसके अंगरक्षक विकास उर्फ शानू को गिरफ्तार किया गया. उनके कब्जे से 939 ग्राम हेरोइन (स्मैक), 615 ग्राम मिलावटी पाउडर और 7,93,170 रुपये नकद बरामद किए गए.
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि पार्वती लंबे समय से बावाना और नरेला इलाके में मादक पदार्थों की सप्लाई के कारोबार में कथित रूप से शामिल थी. पुलिस के अनुसार, उसने नशीले पदार्थों की बिक्री से बड़ी मात्रा में पैसा, सोना और संपत्ति जमा की थी. जांच में यह भी सामने आया कि मादक पदार्थों की सप्लाई राजस्थान से की जा रही थी. पुलिस का दावा है कि पार्वती एक संगठित अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट चला रही थी, जिसका नेटवर्क दिल्ली से लेकर राजस्थान तक फैला हुआ था.
पुलिस ने चार प्लॉट और एक मकान से संबंधित रजिस्ट्री के दस्तावेज भी जब्त किए हैं. पुलिस के अनुसार, इन सभी वस्तुओं और दस्तावेजों का संबंध ड्रग तस्करी से अर्जित धन से है. बरामद नकदी, सोना, चांदी और संपत्ति के दस्तावेज नरेला थाने के मालखाने में जमा कराए गए हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास ऐसी और कितनी संपत्तियां हैं. ड्रग तस्करी से जुड़े बैंक खातों की भी जांच की जा रही है. इस मामले में पुलिस ने पार्वती के कथित सप्लायर तक भी पहुंच बनाई है.
* राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी 37 वर्षीय साहेब खां
न उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, प्रतापगढ़ के गोरधनपुरा निवासी और फिजा होटल एंड रेस्टोरेंट के मालिक कय्यूम खान के बेटे साहेब खान की एमपी-14/सीए-8134 नंबर की स्विफ्ट कार से 265 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद की गई. पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है.

Back to top button