माउली मल्टीस्टेट बैंक में जमाकर्ताओं के लाखों रुपये फंसे, दो महीने से लेन-देन ठप

पथ्रोट शाखा में पैसे निकालने के लिए जमाकर्ताओं को तारीख पर तारीख

दिहाड़ी की कमाई से लेकर एफडी तक की रकम अटकी होने का आरोप
पथ्रोट/दि.7 – माउली मल्टीस्टेट को-ऑपरेटिव बैंक की पथरोट शाखा में जमाकर्ताओं के लाखों रुपये अटकने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि पिछले करीब दो महीने से बैंक में नियमित लेन-देन प्रभावित है, जिसके चलते दिहाड़ी मजदूरों, छोटे जमाकर्ताओं और एफडी कराने वाले ग्राहकों को अपने ही पैसे निकालने के लिए परेशान होना पड़ रहा है. जमाकर्ताओं का आरोप है कि बैंक की ओर से उन्हें लगातार अलग-अलग तारीखें दी जा रही हैं, लेकिन निर्धारित समय पर भुगतान नहीं हो रहा है.
* रोज की कमाई से लेकर एफडी तक की रकम फंसी
पथ्रोट में माउली मल्टीस्टेट बैंक की शाखा शुरू होने के बाद स्थानीय नागरिकों ने बचत खाते, दैनिक जमा योजनाओं और एफडी सहित विभिन्न योजनाओं में रकम जमा की थी. कई महिला जमाकर्ताओं ने भी अपनी बचत की बड़ी रकम एफडी के रूप में बैंक में रखने की बात कही है. अब जरूरत पड़ने पर रकम निकालने के लिए बैंक पहुंचने वाले ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जमाकर्ताओं के अनुसार, शाखा प्रबंधन की ओर से कभी एक तो कभी दूसरी तारीख बताई जाती है. इससे ग्राहकों में असमंजस और चिंता बढ़ रही है.
* ‘बैंक में फिलहाल फंड नहीं है’
जमाकर्ताओं के मुताबिक, पैसे निकालने के लिए शाखा पहुंचने पर उन्हें बताया जाता है कि फिलहाल बैंक में पर्याप्त फंड उपलब्ध नहीं है और वरिष्ठ शाखा से रकम आने के बाद भुगतान किया जाएगा. कुछ ग्राहकों का यह भी कहना है कि आपात स्थिति में 1 हजार रुपये जैसी छोटी रकम निकालने में भी परेशानी हो रही है. इस स्थिति के कारण उन लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जिन्हें रोजमर्रा के खर्च, इलाज या अन्य जरूरी कामों के लिए अपनी जमा राशि की आवश्यकता है.
* ‘जमाकर्ताओं के हित में प्रशासन हस्तक्षेप करे’
मेलघाट ग्रामीण संगठन के महासचिव सुधीर रसे ने कहा कि जमाकर्ताओं से राशि जमा कराए जाने के बाद जरूरत के समय उनका पैसा उपलब्ध नहीं होना गंभीर विषय है. उन्होंने संबंधित प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर जमाकर्ताओं की जमा राशि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यदि बैंकिंग व्यवस्था के कारण जमाकर्ताओं को अपनी रकम निकालने में लगातार परेशानी हो रही है, तो पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए.
* ‘वरिष्ठ शाखा को जानकारी दी, जल्द शुरू होगा लेन-देन’
इस मामले में पथरोट शाखा के प्रबंधक विजय नांदेकर ने कहा कि वरिष्ठ शाखा को स्थिति की जानकारी दी गई है और चेयरमैन को भी अवगत कराया गया है. उनके अनुसार, वरिष्ठ स्तर से दो-तीन तारीखें दी गई थीं, लेकिन निर्धारित समय पर राशि उपलब्ध नहीं हो सकी. उन्होंने कहा, राशि प्राप्त होने के बाद ग्राहकों का पूरा भुगतान किया जाएगा. जल्द से जल्द बैंक का नियमित ग्राहक लेन-देन शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है.
* बैंक खुला, लेकिन लेन-देन बंद होने से बढ़ी चिंता
फिलहाल शाखा खुली होने के बावजूद लेन-देन प्रभावित होने से जमाकर्ताओं में चिंता का माहौल है. बैंक प्रबंधन का कहना है कि वरिष्ठ शाखा से राशि प्राप्त होने के बाद ग्राहकों को भुगतान किया जाएगा. वहीं, जमाकर्ताओं का सवाल है कि यदि राशि समय पर उपलब्ध नहीं हुई तो उनकी जमा रकम की जिम्मेदारी कौन लेगा? लगातार लेन-देन बाधित रहने के कारण ग्राहकों में बैंक बंद होने की आशंका को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है. ऐसे में जमाकर्ता चाहते हैं कि बैंक प्रबंधन स्थिति स्पष्ट करे और उनकी जमा राशि को लेकर ठोस आश्वासन के साथ भुगतान की व्यवस्था तत्काल शुरू करे.

Back to top button