कार और पानी के टैंकर की भीषण टक्कर, अभियांत्रिकी छात्र की मौत

दारापुर के पास दर्दनाक हादसा

साथी छात्र गंभीर घायल, कॉलेज से अमरावती जाते समय हुआ हादसा
अमरावती/दि.7 – वलगांव-दर्यापुर मार्ग पर दारापुर गांव के पास मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार कार और पानी के टैंकर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में तक्षशिला इंजीनियरिंग कॉलेज के एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल छात्र का अस्पताल में उपचार चल रहा है. मृतक का नाम अंजनगांव सुर्जी निवासी प्रथमेश बालकृष्ण कोकाटे (21) है. वहीं हादसे में यश सुरेश खेरडे (20) गंभीर रूप से घायल हुआ है.
जानकारी के मुताबिक प्रथमेश कोकाटे और यश खेरडे मंगलवार दोपहर स्विफ्ट डिजायर कार से कॉलेज से निकले थे. दोनों कार से अमरावती की ओर जा रहे थे. दोपहर करीब 2.30 बजे दारापुर गांव के पास उनकी कार सामने से आ रहे ट्रैक्टर पर रखे पानी के टैंकर से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में प्रथमेश कोकाटे की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं यश खेरडे गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.
* एक इंजीनियर बनने का सपना रह गया अधूरा
प्रथमेश कोकाटे इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष में पढ़ रहा था, जबकि घायल यश खेरडे कंप्यूटर साइंस के दूसरे वर्ष का छात्र है. प्रथमेश के परिवार ने बेटे को इंजीनियर बनाने का सपना देखा था, लेकिन इस दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार का यह सपना अधूरा छोड़ दिया. अचानक हुई छात्र की मौत से परिवार में शोक की लहर है. वहीं कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षकों में भी इस हादसे को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है.

Back to top button