8 माह में खरीदा गया 6 लाख लीटर दूध
किसानों को सीधे भुगतान, अमरावती अन्नक्षेत्र का डेयरी क्षेत्र में नया उपक्रम

5 किसान उत्पादक कंपनियों के सहयोग से महिला दुग्ध उत्पादकों के लिए डिजिटल क्रांति
अमरावती/दि.9- द्वार ई-रजिस्ट्री और अमरावती जिले की पांच किसान उत्पादक कंपनियों ने एक साथ आकर ‘अमरावती अन्नक्षेत्र प्राइवेट लिमिटेड’ नामक नवाचार डेयरी उपक्रम की शुरुआत की है. इसके माध्यम से दुग्ध उत्पादक किसानों को, विशेष रूप से महिलाओं को, सीधे व्यापार की मुख्यधारा में लाकर उनकी आय बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है. पिछले 8 महीनों में लगभग 6 लाख लीटर दूध की खरीद की गई है और दूध के कुल बिक्री मूल्य का 80 प्रतिशत से अधिक राशि सीधे किसानों को दी गई है.
अमरावती अन्नक्षेत्र प्रा. लि. के पास फिलहाल रोजाना 10 हजार लीटर दूध संकलन की क्षमता वाले पांच दूध संकलन केंद्र जिले में कार्यरत हैं. इसके माध्यम से अमरावती परिसर की 150 से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक किसान जुड़ी हुई हैं. दूध संकलन प्रक्रिया में डिजिटल तकनीक का उपयोग कर फैट और एसएनएफ की सटीक गुणवत्ता जांच की जाती है. साथ ही दूध के कुल बिक्री मूल्य का 80 प्रतिशत से अधिक राशि सीधे किसानों को दी जाती है. सितंबर 2024 से अब तक कंपनी ने लगभग 6 लाख लीटर दूध खरीदा है, जिससे लगभग 2.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया है.
* उच्च गुणवत्ता वाला पशु-चारा
कंपनी द्वारा केवल दूध की खरीद ही नहीं, बल्कि दुग्ध उत्पादकों को उचित दर पर उच्च गुणवत्ता वाला पशु-चारा, मिनरल मिक्सचर और साइलेज (मुरघास) भी उपलब्ध कराया जा रहा है. इससे दूध की गुणवत्ता और उत्पादन बढ़ने में मदद मिल रही है. इसके साथ ही पशुओं की संख्या बढ़ाने के लिए पशुधन ऋण और पशुओं का बीमा दिलाने के लिए भी कंपनी पहल कर रही है. ग्रामीण क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों का शहरों की ओर होने वाला पलायन रोकने के लिए यह उपक्रम महत्वपूर्ण साबित होने की उम्मीद है. दुग्ध व्यवसाय में महिलाओं की बड़ी भागीदारी होने से डिजिटल तकनीक, पारदर्शी लेनदेन और सीधी बिक्री के माध्यम से महिला दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का प्रयास किया जा रहा है. ‘हब-एंड-स्पोक’ मॉडल अपनाया गया है, और आने वाले समय में अन्य टियर-2 व टियर-3 शहरों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में इस मॉडल का विस्तार किया जाएगा.





