‘अकल बड़ी या भैंस बड़ी’ ज्ञानेश कुमार के खिलाफ युकां का अनोखा प्रदर्शन

काटकुंभ में भैंस पर बैठाकर निकाला जुलूस

* ‘वोट चोरी करने वाली सरकार’ के खिलाफ भी जताया विरोध
चिखलदरा/दि.7 – अमरावती जिला युवक कांग्रेस की ओर से चिखलदरा तहसील के काटकुंभ में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और कथित तौर पर ‘वोट चोरी’ करने वाली सरकार के विरोध में अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया गया. आंदोलन के दौरान एक कार्यकर्ता को भैंस पर बैठाकर जुलूस निकाला गया और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ निषेध दर्ज कराया गया.
आंदोलन के दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘अकल बड़ी या भैंस बड़ी’ का नारा लगाते हुए व्यंग्यात्मक तरीके से अपना विरोध व्यक्त किया. कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज उन्हें इसका जवाब मिल गया है कि ज्ञानेश कुमार की अकल के सामने भैंस बड़ी है. इस अनोखे प्रदर्शन के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया और कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया गया. युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. इसी के विरोध में काटकुंभ में यह आंदोलन आयोजित किया गया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों और विरोध को दर्ज कराया.
* युवक कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद
इस आंदोलन में अमरावती जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल येवले, चिखलदरा तहसील युवक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप मुंडे, आदिवासी सेल अध्यक्ष महैपतसिंग उइके, कमलेश राठौर, नौशाद शेख, अक्षय घुमावरे, पंकज आमोदे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे. युवक कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा आवश्यक है. इसी मुद्दे को लेकर पार्टी की ओर से आगे भी आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी गई.

Back to top button