30 वर्ष से अधिक उम्र के 13.43 लाख नागरिकों की होगी स्वास्थ्य जांच

‘मेरा गांव, स्वास्थ्य संपन्न गांव’ अभियान शुरू

रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर की नि:शुल्क जांच
अमरावती/दि.8 – सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग और जिला परिषद की ओर से जिले में ‘मेरा गांव, स्वास्थ्य संपन्न गांव – 30 वर्ष की उम्र, जांच और सलाह’ 100 दिवसीय विशेष स्वास्थ्य अभियान शुरू किया गया है. 1 सितंबर से 10 दिसंबर 2026 तक मिशन मोड में चलने वाले इस अभियान के तहत जिले के 30 वर्ष और उससे अधिक उम्र के 13 लाख 43 हजार 452 नागरिकों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच करने का लक्ष्य रखा गया है.
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के 30 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी नागरिकों से अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र, उपकेंद्र अथवा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के पास जाकर गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की जांच कराने की अपील की है.

* रक्तचाप और मधुमेह की होगी जांच
‘आज जांच, कल स्वस्थ जीवन’ के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान में नागरिकों की विभिन्न गैर-संचारी बीमारियों की जांच की जाएगी. इसमें रक्तचाप और रक्त में शर्करा (ब्लड शुगर) की जांच के साथ ही मुंह, स्तन और गर्भाशय के मुख के कैंसर की जांच भी की जाएगी. इसके अलावा नागरिकों का वजन तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी जोखिम कारकों का भी आकलन किया जाएगा. जांच के दौरान किसी बीमारी के लक्षण या आशंका पाए जाने पर संबंधित नागरिक को आगे की जांच के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र में रेफर किया जाएगा. बीमारी की पुष्टि होने वाले मरीजों को नि:शुल्क उपचार के साथ नियमित फॉलोअप की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी.

* समय पर जांच से टल सकती हैं गंभीर जटिलताएं
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, किसी बीमारी का समय रहते पता चल जाने पर तत्काल उपचार शुरू किया जा सकता है और भविष्य में होने वाली गंभीर जटिलताओं को रोकने में मदद मिलती है. इसलिए नागरिकों से इस 100 दिवसीय विशेष अभियान का लाभ उठाकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की गई है. स्वास्थ्य विभाग ने ‘जल्दी पहचान, समय पर उपचार, स्वस्थ रहें’ और ‘स्वास्थ्य ही सच्ची संपत्ति है’ संदेश के साथ नागरिकों से स्वास्थ्य जांच को प्राथमिकता देने का आह्वान किया है.

Back to top button