शादी के बाद ‘लुटेरी दुल्हन’ ने की चार परिवारों से ठगी

मध्य प्रदेश के देवास में गिरोह का पर्दाफाश

* तीन महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार
* चार आरोपी चंद्रपुर जिले के निवासी
चंद्रपुर/देवास/दि.9 – शादी का झांसा देकर दूल्हे के परिवार से रुपये ऐंठने और विवाह के कुछ दिनों बाद दुल्हन के फरार हो जाने वाले गिरोह का मध्य प्रदेश के देवास पुलिस ने पर्दाफाश किया है. इस मामले में तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें चार आरोपी महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के निवासी बताए गए हैं. पुलिस जांच में अब तक चार परिवारों के साथ इसी तरीके से ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में प्रीति सोनवणे (21), कंचन सोनवणे (45), अमर सुतार (32), लक्ष्मी श्रीनेत (32) और रमेश गोस्वामी (65) शामिल हैं. गिरोह की महिलाएं विवाह के समय दुल्हन बनती थीं, जबकि पुरुष सदस्य खुद को दुल्हन का रिश्तेदार बताकर वर पक्ष के सामने पेश करते थे. शादी तय कराने और विवाह के खर्च के नाम पर दूल्हे के परिवार से पैसे लिए जाते थे. विवाह संपन्न होने के कुछ दिनों बाद दुल्हन घर से फरार हो जाती थी. इसके बाद उसके कथित रिश्तेदार भी गायब हो जाते थे.
देवास जिले की एक वृद्ध महिला की शिकायत के बाद गिरोह की करतूत सामने आई. आरोपियों ने महिला के बेटे की शादी कराने का भरोसा देकर उनसे डेढ़ लाख रुपये लिए थे. विवाह के कुछ दिनों बाद दुल्हन फरार हो गई. ठगी का एहसास होने पर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद जांच करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया. जांच के दौरान इसी तरीके से तीन अन्य परिवारों को ठगे जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने और कितने लोगों को निशाना बनाया है. चंद्रपुर जिले के आरोपियों की इस गिरोह में भूमिका और उसके नेटवर्क का अन्य क्षेत्रों तक विस्तार होने की भी जांच की जा रही है.

Back to top button