सांसद भारती पारधी की गाड़ी की टक्कर से दो मजदूर गंभीर घायल

तुमसर-रामटेक राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसा

* दुर्घटनाग्रस्त वाहन पुलिस ने किया जब्त
भंडारा/दि.10– मध्य प्रदेश के बालाघाट से भाजपा सांसद भारती पारधी की तेज रफ्तार गाड़ी ने तुमसर-रामटेक राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को तत्काल भंडारा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. घायलों का नाम सुरजीत सिंह और तसमीरा मेहरा है. दोनों पंजाब के निवासी हैं और भंडारा जिले में धान की कटाई करने वाली मशीन पर मजदूरी करने आए थे.
* उसरा गांव के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक सांसद भारती पारधी बालाघाट से नागपुर की ओर जा रही थीं. इसी दौरान तुमसर तहसील के उसरा गांव के पास उनकी गाड़ी की सड़क से गुजर रहे दोपहिया वाहन से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों मजदूर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
* घायलों को निजी अस्पताल में कराया भर्ती
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ. स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए भंडारा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया.
* पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही अंधलगांव पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रकरण दर्ज किया और दुर्घटना में शामिल वाहन को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

Back to top button