हनी ट्रैप में रिटायर्ड इंजीनियर से 1.18 करोड़ की ठगी

सीरियस फ्रेंडशिप वेबसाइट के जरिए बढ़ाई नजदीकी

* शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर लगाया चूना
* 40 लाख रुपये फ्रीज
यवतमाल /दि.10 – यवतमाल में एक रिटायर्ड इंजीनियर को ऑनलाइन हनी ट्रैप में फंसाकर 1 करोड़ 18 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है. आरोपी महिला ने पहले सीरियस फ्रेंडशिप वेबसाइट के जरिए इंजीनियर से संपर्क बढ़ाया. इसके बाद व्हाट्सऐप और टेलीग्राम पर बातचीत कर उसका विश्वास जीता. बाद में शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर उससे अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये जमा करवाए. ठगी का एहसास होने पर इंजीनियर ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की. पुलिस की तत्परता से ठगी की रकम में से 40 लाख रुपये संबंधित बैंक खाते में फ्रीज करने में सफलता मिली है.
जानकारी के मुताबिक यवतमाल निवासी रिटायर्ड इंजीनियर की अनन्या मल्होत्रा नामक महिला से सीरियस फ्रेंडशिप वेबसाइट के माध्यम से पहचान हुई थी. दोनों के बीच व्हाट्सऐप और टेलीग्राम पर बातचीत शुरू हुई. अकेले रहने वाले इंजीनियर से महिला नियमित रूप से बातचीत करती थी और धीरे-धीरे उसने उसका विश्वास जीत लिया. कुछ समय बाद महिला ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने का सुझाव दिया. उसने इंजीनियर को निवेश से अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया. शुरुआत में उसे खाते में बड़ा मुनाफा होने का आभास कराया गया. इससे प्रभावित होकर इंजीनियर ने निवेश की रकम बढ़ा दी.
* सात बैंक खातों में जमा कराए 1.18 करोड़ रुपये
महिला के कहने पर रिटायर्ड इंजीनियर ने मुंबई, सोलापुर, बेंगलुरु, ओडिशा और छत्रपति संभाजीनगर सहित विभिन्न स्थानों से जुड़े सात अलग-अलग बैंक खातों में दस बार पैसे जमा किए. इस तरह उसने कुल 1 करोड़ 18 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए. बाद में महिला ने बातचीत बंद कर दी और निवेश की रकम के संबंध में कोई जवाब नहीं दिया. तब इंजीनियर को अपने साथ धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ. इसके बाद उसने साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई.
* साइबर पुलिस ने 40 लाख रुपये किए फ्रीज
शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस ने संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाई और रकम को रोकने के प्रयास शुरू किए. जांच के दौरान 40 लाख रुपये एक बैंक खाते में फ्रीज करने में सफलता मिली. चूंकि यह मामला यवतमाल से संबंधित था, इसलिए महा साइबर ने प्रकरण को यवतमाल साइबर पुलिस के पास भेज दिया. इसके बाद अवधूतवाड़ी पुलिस ने रिटायर्ड इंजीनियर का बयान दर्ज कर धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया. फिलहाल अवधूतवाड़ी के थानेदार अजीत कदम के नेतृत्व में आगे की जांच की जा रही है.
* बेंगलुरु से दो संदिग्धों का पता चला
पुलिस जांच में बेंगलुरु से जुड़े दो संदिग्धों की जानकारी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक दोनों को जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है. हालांकि, उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है. जांच में यह भी सामने आया कि यवतमाल शहर पुलिस द्वारा 33 लाख रुपये की डिजिटल अरेस्ट ठगी के मामले में गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों के बैंक खातों का इस्तेमाल इस हनी ट्रैप प्रकरण में भी किया गया था. अवधूतवाड़ी पुलिस अब शेष छह बैंक खाताधारकों की तलाश कर रही है.
* ठाणे में भी दर्ज है मामला
पुलिस के मुताबिक रिटायर्ड इंजीनियर से ठगी के मामले में सामने आई अनन्या मल्होत्रा नामक महिला के खिलाफ इससे पहले ठाणे जिले के वर्तक नगर पुलिस थाने में भी मामला दर्ज किया गया था. इस जानकारी के आधार पर पुलिस अन्य संभावित मामलों और बैंक खातों के इस्तेमाल की भी जांच कर रही है. पुलिस का मानना है कि ऑनलाइन दोस्ती के बाद निवेश में मोटे मुनाफे का लालच देकर लोगों को ठगने वाले गिरोह के नेटवर्क का पता लगाना इस जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है.

Back to top button