चिखलदरा में पर्यटकों का सैलाब
8 दिनों में 57 हजार से अधिक सैलानी पहुंचे

* नगर पालिका की आय 11 लाख रुपये पार
* स्वतंत्रता दिवस की छुट्टियों में उमड़ा पर्यटकों का रेला
* डेढ़ माह में पहुंचे 1.10 लाख से अधिक पर्यटक
* पुलिस और प्रशासन की व्यवस्था की हो रही सराहना
चिखलदरा /दि.17- विदर्भ का कश्मीर कहे जाने वाले चिखलदरा में इस वर्ष मानसून पर्यटन ने सभी पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं. हरियाली, बादलों की चादर, झरनों की कल-कल और सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पर्यटक चिखलदरा पहुंच रहे हैं. अगस्त माह के शुरुआती आठ दिनों में ही 57 हजार से अधिक पर्यटकों ने चिखलदरा और मेलघाट क्षेत्र का रुख किया, जिससे चिखलदरा नगर पालिका को 11 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ. वहीं स्वतंत्रता दिवस की छुट्टियों के दौरान मात्र तीन दिनों में करीब 50 हजार पर्यटक यहां पहुंचे.
पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या ने स्थानीय पर्यटन उद्योग, होटल व्यवसाय, रेस्तरां, वाहन संचालकों, हस्तशिल्प विक्रेताओं और छोटे व्यापारियों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है. दूसरी ओर इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है, जिसे दोनों विभाग सफलतापूर्वक संभालते नजर आ रहे हैं.
* अगस्त के पहले आठ दिनों में ही 57 हजार से अधिक पर्यटक
चिखलदरा नगर पालिका द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 1 अगस्त से 9 अगस्त 2026 के बीच कुल 11,034 वाहनों के माध्यम से 57,170 पर्यटक चिखलदरा पहुंचे. इस अवधि में नगर पालिका को 11 लाख 4 हजार 700 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ. दिनवार आंकड़ों पर नजर डालें तो 2 अगस्त को सर्वाधिक 13,300 पर्यटक पहुंचे, जबकि 9 अगस्त को 10,585 पर्यटकों की आवक दर्ज की गई. सप्ताहांत और अवकाश के दिनों में पर्यटकों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक रही.
* स्वतंत्रता दिवस अवकाश में उमड़ी रिकॉर्ड भीड़
स्वतंत्रता दिवस और लगातार छुट्टियों के कारण 14 से 16 अगस्त के बीच चिखलदरा में अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिली. अनुमान के अनुसार केवल तीन दिनों में करीब 6 हजार वाहनों से 50 हजार पर्यटक चिखलदरा पहुंचे. इस दौरान नगर पालिका को लगभग 6 लाख रुपये की अतिरिक्त आय हुई. पर्यटन स्थलों, व्यू प्वाइंट, झरनों और प्राकृतिक स्थलों पर सुबह से देर शाम तक भारी भीड़ दिखाई दी. होटल, लॉज, रिसॉर्ट और होम-स्टे लगभग पूरी तरह भरे रहे. कई पर्यटकों को अग्रिम बुकिंग के बिना आवास मिलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.
* डेढ़ माह में 1.10 लाख पर्यटक पहुंचे
पर्यटन विभाग और स्थानीय प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार जुलाई माह में चिखलदरा में लगभग 1 लाख पर्यटक पहुंचे थे, जिससे नगर पालिका को करीब 20 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था. वहीं अगस्त के पहले पंद्रह दिनों में ही यह आंकड़ा पार हो गया. 1 अगस्त से 16 अगस्त तक मेलघाट-चिखलदरा क्षेत्र में 1 लाख 10 हजार से अधिक पर्यटकों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है. यदि यही रफ्तार बनी रही तो अगस्त माह के अंत तक पर्यटकों की संख्या नया रिकॉर्ड बना सकती है.
* व्यापारियों के लिए वरदान साबित हो रहा पर्यटन
पर्यटकों की बढ़ती संख्या स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है. होटल व्यवसायियों, चाय-नाश्ता केंद्र संचालकों, स्थानीय हस्तशिल्प विक्रेताओं, टैक्सी संचालकों, गाइड और छोटे व्यापारियों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में मानसून पर्यटन को लेकर लोगों का आकर्षण तेजी से बढ़ा है. सोशल मीडिया पर चिखलदरा और मेलघाट के प्राकृतिक सौंदर्य की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने से भी पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है.
* पुलिस बंदोबस्त बना चर्चा का विषय
इतनी बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने के बावजूद किसी भी प्रकार की बड़ी दुर्घटना, मारपीट, कानून-व्यवस्था की समस्या या अप्रिय घटना सामने नहीं आई है. इसका श्रेय पुलिस प्रशासन की प्रभावी व्यवस्था को दिया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के मार्गदर्शन में चिखलदरा पुलिस थाना प्रभारी प्रवीण पाटिल ने प्रमुख चौक-चौराहों, पर्यटन स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष पुलिस बंदोबस्त तैनात किया. यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की भी नियुक्ति की गई. स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि भारी भीड़ के बावजूद कहीं भी अव्यवस्था का माहौल नहीं दिखाई दिया.
* प्रशासन पर बढ़ रहा दबाव, लेकिन व्यवस्था कायम
पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण नगर पालिका, वन विभाग, पुलिस प्रशासन और स्थानीय प्रशासन पर दबाव बढ़ा है. पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, यातायात और सुरक्षा जैसी व्यवस्थाओं को बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो गया है. इसके बावजूद सभी विभागों के समन्वय से व्यवस्था सुचारु बनी हुई है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पर्यटकों की संख्या इसी प्रकार बढ़ती रही तो भविष्य में चिखलदरा में अतिरिक्त पार्किंग, सार्वजनिक शौचालय, यातायात प्रबंधन और पर्यटन सुविधाओं का विस्तार आवश्यक होगा.
* अगस्त में नया रिकॉर्ड बनने की संभावना
पर्यटन क्षेत्र से जुड़े जानकारों का मानना है कि मानसून का मौसम अभी जारी है और आने वाले सप्ताहांतों तथा छुट्टियों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है. ऐसे में अगस्त 2026 चिखलदरा पर्यटन के इतिहास में सबसे सफल महीनों में शामिल हो सकता है.
अगस्त माह दौरान चिखलदरा में पर्यटकों के प्रमुख आंकड़े
तारीख पर्यटक वाहन आय
1 अगस्त 6450 1290 129900
2 अगस्त 13300 2260 226250
3 अगस्त 4630 926 92600
4 अगस्त 3965 793 79300
5 अगस्त 3890 779 77950
6 अगस्त 2820 564 56400
7 अगस्त 4550 910 91050
8 अगस्त 6975 1395 139550
9 अगस्त 10585 2117 211700
कुल 57170 11034 1104700





