मुंबई में युवक ने इमारत से कूदकर दी जान
प्रेमिका के साथ घूमने आया था

मुंबई /दि.19- मुंबई के वर्सोवा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जलगांव जिले के एक 28 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर बहुमंजिला इमारत की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान पवन सुनील पाटील के रूप में हुई है. वह महाराष्ट्र के जळगांव जिले के नशिराबाद का निवासी था और व्यवसाय से व्यापारी था. जानकारी के अनुसार, पवन अपनी प्रेमिका के साथ मुंबई घूमने आया था.
पुलिस के मुताबिक, घटना वर्सोवा क्षेत्र की एक बहुमंजिला इमारत में हुई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पवन पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था. इसी दौरान उसने इमारत की छत से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही वर्सोवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है तथा परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. इस दुखद घटना ने एक बार फिर मानसिक तनाव और अवसाद जैसे मुद्दों की गंभीरता को सामने ला दिया है. पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.





