पिता से धक्का-मुक्की का बदला लेने युवक की हत्या

जन्मदिन की खुशी के कुछ घंटे बाद मातम

* गोंदिया में शराब को लेकर विवाद के बाद 32 वर्षीय मिथुन ठाकरे के सिर पर फरशी से किया वार
* आरोपी संदीप मेश्राम के खिलाफ मामला दर्ज
गोंदिया/दि.29 – जन्मदिन की पार्टी में दोस्तों के साथ केक काटकर खुशी मनाने के कुछ ही घंटे बाद एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. गोंदिया के रामनगर थाना क्षेत्र में शराब पीने को लेकर हुए विवाद के दौरान पिता के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज किए जाने से नाराज बेटे ने युवक का पीछा कर उसके सिर पर फरशी के टुकड़े से जानलेवा वार कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान मिथुन भैय्यालाल ठाकरे (32, नवाटोला) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार तड़के करीब 1 बजे अंगूरबगीचा से कटंगी कला मार्ग पर मोहबे अस्पताल के पास स्थित एकदंत कॉलोनी परिसर में हुई.
* जन्मदिन मनाने के बाद शराब पीने पहुंचे थे
रामनगर पुलिस निरीक्षक तिरुपति राणे के अनुसार, मिथुन ठाकरे अपने दोस्तों प्रतीक मुन्ना मेश्राम, शहबाज बंदे शब्बीर खान पठाण और राहुल राजेश पारधी के साथ रोहित उर्फ लल्ला विलास बसेना का जन्मदिन मनाने अवंती चौक गया था. वहां सभी ने केक काटकर जन्मदिन मनाया. इसके बाद सभी एकदंत कॉलोनी परिसर में पहुंचे. कुछ देर बाद मिथुन और रोहित, देवदास मेश्राम के घर शराब पीने के लिए गए. रात करीब साढ़े 12 बजे शराब पीने के दौरान मिथुन और देवदास के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया.
* पिता से धक्का-मुक्की देख भड़का बेटा
विवाद के दौरान मिथुन ने कथित तौर पर देवदास मेश्राम की कॉलर पकड़ ली और उनके साथ धक्का-मुक्की करने के साथ गाली-गलौज की. यह देखकर देवदास का बेटा संदीप मेश्राम (42, कटंगीटोला) वहां पहुंचा और मिथुन को वहां से जाने के लिए कहा. मिथुन वहां से निकल गया, लेकिन रास्ते में भी कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी देने का सिलसिला जारी रहा. पिता के साथ हुई धक्का-मुक्की से नाराज संदीप ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया.
* सड़क किनारे पड़ी फरशी से सिर पर हमला
पुलिस के मुताबिक, संदीप ने सड़क किनारे पड़ा फरशी का टुकड़ा उठाया और मिथुन के सिर पर जोरदार वार कर दिया. सिर में गंभीर चोट लगने से मिथुन खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा. हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इसी दौरान मिथुन के भाई निलेश्वर ठाकरे को फोन पर घटना की जानकारी मिली. निलेश्वर उस समय यूनाइटेड अस्पताल में ड्यूटी पर थे. सूचना मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंचे. कुछ घंटे पहले ही दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने वाला भाई रक्तरंजित अवस्था में पड़ा देखकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
* पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
निलेश्वर ठाकरे की शिकायत के आधार पर रामनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. रामनगर पुलिस निरीक्षक तिरुपति राणे के नेतृत्व में मामले की आगे की जांच जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और हत्या के पीछे आरोपी की भूमिका तथा घटनाक्रम की पूरी कड़ी क्या थी. जन्मदिन की पार्टी से शुरू हुई रात शराब के विवाद, मारपीट और आखिरकार हत्या में बदल गई. घटना ने इलाके में भी सनसनी फैला दी है.

Back to top button