आवारा श्वान के लिए सभी मनपा क्षेत्र में खुलेंगे एबीसी सेंटर-सामंत

महाराष्ट्र में 14.80 लाख जबकि नागपुर में करीब 1 लाख आवारा श्वान

* राज्य में श्वान के हमलों से बच्चे महिलाएं और बुजुर्ग परेशान
मुंबई/दि.4- विधानसभा में शुक्रवार को राज्य में आवारा श्वानों के बढते हमलों का मुद्दा उठा. प्रशनकाल के दौरान मंत्री उदय सामंत ने बताया कि, प्रदेश में लगभग 14 लाख 80 हजार लाख आवारा श्वान है. नागपुर में इनकी संख्या करीब 1 लाख है. सरकार ने इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए सभी महानगरपालिका क्षेत्रों में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर खोलने को कहा है. उन्होंने मुंबई में अगले छह महीने के भीतर तीन डॉग शेल्टर बनाने की घोषणा की.
मंत्री सामंत ने कहा कि, राज्य सरकार आवारा श्वान की बढती संख्या को नियंत्रित करने के लिए व्यापक योजना पर काम कर रही है.प्रत्येक मनपा के एबीसी सेंटर में श्वान की नसबंदी और रेबीज टीकाकरण का कार्य नियमित रूप से किया जाएगा. इससे श्वान की संख्या नियंत्रित होगी और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी. सदस्यों ने कहा कि श्वान के हमलों से बच्चे- महिलाएं और बुजुर्ग ज्यादा परेशान है.
पशु प्रेमी भी जिम्मेदारी निभाएं
सामंत ने कहा कि, पशु प्रेमियों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. यदि कोई व्यक्ति आवारा श्वान को भोजन कराता है तो उसे यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनकी नसबंदी और टिकाकरण भी हो. सरकार इस दिशा में स्थानीय निकायों के माध्यम से आवश्यक व्यवस्था मजबूत करेगी.
सरकार ने माना-श्वानों के हमले बढे
सदन में सरकार ने स्वीकार किया कि राज्य के कई जिलों में आवारा श्वानों के हमलों की घटनाएं बढी है. सरकार को उम्मीद है कि एबीसी सेंटर, नए डॉग शेल्टर और व्यापक नसबंदी अभियान के माध्यम से आवारा श्वान की बढती संख्या पर नियंत्रित होगी. इस कडी में नागरिकों के साथ ही पशुओं की भी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी.

Back to top button