चलती ट्रेन में बडनेरा रेल्वे पुलिस ने पकडा हत्याकांड के आरोपी को
नागपुर में हत्या कर हुआ था फरार

अमरावती/दि.4- नागपुर शहर में हत्या कर ट्रेन से भागने का प्रयास करने वाले एक कुख्यात आरोपी को बडनेरा रेल्वे पुलिस ने चलती ट्रेन में गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी का नाम नागपुर के कामठी तहसील में आने वाले दादागांव निवासी राजेंद्र नत्थु कुठरंगे (35) है. 3 जुलाई को उसे रेल्वे पुलिस ने गिरफ्तार किया.
नागपुर के नया कामठी पुलिस स्टेशन में आरोपी राजेंद्र के खिलाफ 3 जुलाई को हत्या का मामला दर्ज हुआ था. हत्या करने के बाद आरोपी पुलिस को चकमाा देकर ट्रेन नंबर 12843 पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस से भागता रहने की गोपनीय जानकारी बडनेरा रेल्वे पुलिस को मिली. घटना की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस निरीक्षक पंकज ढोके ने तत्काल अपने दल के साथ फ्लैटफार्म पर जाल बिछाया. टे्रन बडनेरा स्टेशन पर आते ही पुलिस ने पूरी ट्रेन की जांच शुरु की. आखिरकार सामने के जनरल कोच में संदेहास्पद अवस्था में बैठे राजेंद्र को पुलिस ने पहचानकर उसे कब्जे में ले लिया. जिला पुलिस अधीक्षक मंगेश शिंदे और अपर पुलिस अधीक्षक दत्ताराम राठोड के मार्गदर्शन में एपीआई पंकज ढोके, आरपीएफ की एएसआई स्वाति टिंगरे, हेड कांस्टेबल राजूसिंग जाधव, अलका डहाके, स्वाति कोकोडे, मनोज वानखडे, नागपुर के सागर खंडारे के दल ने यह कार्रवाई की. गिरफ्तार किये आरोपी को नागपुर के नया कामठी पुलिस के कब्जे में दे दिया गया है.





