पारस थर्मल पावर स्टेशन में हादसा

मेंटेनेंस के दौरान दो मजदूर झुलसे

अकोला/दि.26- जिले के पारस थर्मल पावर स्टेशन के ‘कॉइल मिल’ क्षेत्र में शनिवार दोपहर मेंटेनेंस और मरम्मत कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया. इस दुर्घटना में दो मजदूर झुलस गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया.
जानकारी के अनुसार, महानिर्मिती के पारस थर्मल पावर प्रोजेक्ट में गर्मियों के दौरान नियमित मेंटेनेंस और रिपेयरिंग का काम चल रहा है. इस कार्य का ठेका निजी ठेकेदार को दिया गया है. शनिवार दोपहर ‘कॉइल मिल’ इलाके में ठेकेदार के कर्मचारी काम कर रहे थे, तभी अचानक हादसा हो गया और दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए. घटना की सूचना मिलते ही थर्मल पावर स्टेशन का प्रशासन और अधिकारी मौके पर पहुंचे. दोनों घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्बुलेंस से अकोला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि एक मजदूर की हालत नाजुक बनी हुई है. पारस थर्मल पावर स्टेशन के मुख्य अभियंता शरद भगत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल मजदूरों की स्थिति की जानकारी ली. अधिकारियों द्वारा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.

* बिजली उत्पादन पर नहीं पड़ा असर
प्रशासन के अनुसार, इस हादसे का बिजली उत्पादन पर कोई असर नहीं पड़ा है. पारस थर्मल पावर स्टेशन के दोनों यूनिटों से बिजली उत्पादन सुचारू रूप से जारी है. शनिवार शाम करीब 6 बजे स्टेशन से लगभग 386 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा था.

* ठेकेदार को दिए गए आवश्यक निर्देश
प्रबंधन ने संबंधित ठेकेदार को घायलों के उपचार और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि हादसे की विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा.

Back to top button