चौकीदार को मारपीट कर लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार
फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के मंगलधाम कालोनी की घटना

* क्राइम ब्रांच के दल की कार्रवाई
अमरावती/दि.3 – दो दिन पूर्व देर रात फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के मंगलधाम कालोनी के निर्माणकार्य स्थल पर चौकीदारी करने वाले 72 वर्षीय व्यक्ति के साथ बेदम मारपीट कर 4 युवकों ने लूटपाट की थी. इस प्रकरण में क्राईम ब्रांच के दल ने एक नाबालिग समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार किये गये आरोपी का नाम गणपति नगर निवासी शिवम महेंद्र शेंद्रे (19) और एक अन्य है.
जानकारी के मुताबिक मंगलधाम कालोनी में जारी एक निर्माणकार्य स्थल पर उषा कालोनी निवासी देवनारायण शिवचरण पाण्डे (72) नामक व्यक्ति चौकीदार के रुप में कार्यरत है. वह 30 जून की रात 10 बजे खाना खाने के बाद निर्माणकार्य स्थल पर सोया था. तब देर रात 2 बजे के दौरान वहां 4 युवक पहुंचे. इन युवकों ने चौकीदार को नींद से जगाकर लाठी से मारपीट करना शुरु किया. चौकीदार ने सवाल-जवाब करने का प्रयास किया, तब इन युवकों ने फिर से मारपीट की. एक युवक ने चौकीदार की जेब से 1050 रुपए लूट निकाल लिये. साथ ही लोहे का पलंग और प्लास्टीक की कुर्सी की तोडफोड कर अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया और चौकीदार से गालीगलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दी. इस प्रकरण में शिकायत के आधार पर फ्रेजरपुरा पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज किया था. प्रकरण की जांच क्राईम ब्रांच के निरीक्षक अतुल वर के नेतृत्व वाला दल भी कर रहा था. तब उन्हें जानकारी मिली कि, इस घटना को अंजाम महादेव खोरी के एक नाबालिग युवक और उसके साथियों ने दिया है. इस आधार पर गुरुवार 2 जुलाई को क्राईम ब्रांच के दल ने उस नाबालिग को कब्जे में लेकर पूछताछ की, तब उसने घटना की कबूली देते हुए बताया कि, उसने अपने दोस्त शिवम शेंद्रे, श्रावण बनारसे व अन्य एक साथी के साथ इस घटना को अंजाम दिया है. इस आधार पर क्राईम ब्रांच के दल ने फरार शिवम शेंद्रे को उसके गणपति नगर स्थित घर से आज कब्जे में ले लिया. उसे फ्रेजरपुरा पुलिस के हवाले किया गया. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है.





