विधायक किरण सरनाईक ने दोबारा किया शिवसेना में प्रवेश!

सोशल मीडिया पर चर्चा तेज, जमकर वायरल हो रहे दावे

अमरावती/दि.3- अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्दलिय विधायक एड. किरण सरनाईक एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में आ गए हैं. पहले से ही उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो चुके सरनाईक के हालिया पुनः प्रवेश कार्यक्रम ने जिले के राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है.
बता दे कि, कभी कांग्रेस पृष्ठभूमि से जुड़े रहे किरण सरनाईक ने अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अपक्ष उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतकर पहचान बनाई थी. शिवसेना में विभाजन के बाद उन्होंने एकनाथ शिंदे का समर्थन करते हुए धनुष-बाण का प्रतीक स्वीकार किया था. इसके चलते हाल ही में डेप्यूटी सीएम एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में उनके दोबारा शिवसेना में प्रवेश का दृश्य सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि वाशिम स्थित उनकी श्री शिवाजी शिक्षण संस्था से जुड़े कुछ प्रशासनिक और कानूनी मुद्दों के कारण यह राजनीतिक सक्रियता बढ़ी है. संस्था की भूमि लीज अवधि समाप्त होने तथा निर्माण कार्यों में कथित रूप से अवैध गौण खनिज उपयोग की शिकायतों के चलते सरनाईक पर दबाव होने की बातें भी राजनीतिक गलियारों में कही जा रही हैं. हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी शिक्षक विधान परिषद चुनाव को देखते हुए सरनाईक अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने और सत्ता पक्ष के साथ तालमेल बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं. इसी कारण उनके हालिया कार्यक्रम को आगामी चुनावी तैयारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है. ज्ञात रहे कि, किरण सरनाईक का परिवार लंबे समय तक कांग्रेस से जुड़ा रहा है. उनकी माता स्वर्गीय मालताबाई सरनाईक कांग्रेस की विधान परिषद सदस्य रह चुकी हैं, जबकि उनके पिता दिवंगत अप्पासाहेब सरनाईक भी कांग्रेस संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर रहे थे. ऐसे में कांग्रेस पृष्ठभूमि वाले सरनाईक का शिवसेना (शिंदे गुट) में सक्रिय होना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
इस पूरे घटनाक्रम के बाद वाशिम और अमरावती क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है तथा सोशल मीडिया पर भी इस विषय को लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

Back to top button