दहशत मचा रहे युवक को दबोचा

क्राईम ब्रांच के दल की फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में कार्रवाई

अमरावती/दि.3 – शहर में अवैध हथियार लेकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमरावती सिटी क्राइम ब्रांच ने एक बदमाश को दो घातक चाकुओं के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी फ्रेजरपुरा क्षेत्र में जेल रोड पर खुलेआम चाकू लहराकर राहगीरों को धमका रहा था. पुलिस ने उसके कब्जे से दो धारदार हथियार जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम हिलटॉप कालोनी निवासी संजू गणेश समुद (34) है.
जानकारी के मुताबिक पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में अवैध हथियार रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान 3 अगस्त को क्राइम ब्रांच को जानकारी मिली कि एक युवक जेल रोड पर हाथ में चाकू लेकर लोगों में दहशत फैला रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक अतुल वर के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया. तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक लोहे का चाकू तथा कमर में छिपाकर रखा गया एक चाइना नाइफ बरामद हुआ. जब्त हथियारों की कुल कीमत करीब 1,700 रुपये बताई गई है. आरोपी के खिलाफ फ्रेजरपुरा पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजू गणेश समुद (34) निवासी हिलटॉप कॉलोनी, वैष्णवी देवी मंदिर के सामने, चांदुर रेलवे रोड, अमरावती के रूप में हुई है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, श्याम घुगे, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं अपराध) प्रांजलि सोनवणे, सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक अतुल वर तथा क्राइम ब्रांच की टीम ने अंजाम दी.

Back to top button