अमरावती जिला केमिस्ट असो. के इस बार चुनाव या निर्विरोध !

जुलाई तक होनी है प्रक्रिया पूर्ण, दोनों पक्षों को बैठकर चर्चा करने के निर्देश

* अध्यक्ष सौरभ मालानी की टीम रहेगी पदारूढ
* वार्षिक आमसभा में हुआ अनुमोदन ?
अमरावती/दि.21- अमरावती जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट असो. के कार्यकारिणी चुनाव होंगे या इस बार निर्विरोध पदाधिकारी व समस्त कार्यकारिणी चुनी जायेगी. इसकी चर्चा सुनने मिल रही है. चर्चा के अनुसार केमिस्ट असो. की वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल आगामी जुलाई मेें पूर्ण हो रहा है. ऐसे में खबर है कि गत कुछ दिनों पहले केमिस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगन्नाथ शिंदे की उपस्थिति में हुई अमरावती जिला की वार्षिक आमसभा में वर्तमान अध्यक्ष सौरभ मालानी के नेतृत्ववाली कार्यकारिणी को कायम रखने का अनुमोदन कर दिया गया तथापि भूतपूर्व अध्यक्ष और अन्य पूर्व पदाधिकारियों ने इस प्रकार का निर्णय नहीं होने और राष्ट्रीय अध्यक्ष द्बारा इस बारे में सारे अधिकार अपने पास लेने की चर्चा की थी. सर्वसम्मति पर जोर रहा. किंतु अंतिम निर्णय नहीं होने की बात कहीं गई.
उल्लेखनीय है कि पिछली बार 2023 में केमिस्ट संगठन में सर्वसम्मति नहीं बन पायी थी. 30 वर्षो में पहली बार चुनाव करवाने पडे थे. जिसमें भारी बहुमत से सौरभ मालानी अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे. उनकी कार्यकारिणी में मनोज डफले उपाध्यक्ष जिला, अनिल टाले उपाध्यक्ष शहर, श्रीकांत राजुरकर उपाध्यक्ष ग्रामीण, राजा नानवानी सचिव, तुषार कासट कोषाध्यक्ष , विवेक कालबांडे सहसचिव, सागर आंडे संगठन सचिव चुने गये थे. इसी प्रकार कार्यकारिणी सदस्यों में अंशुल अग्रवाल, दीपक नत्थानी, विजय खत्री, रवि तोटे, कौशल सारडा, गोविंदा केला, तनवीर पटेल, निखिल देशमुख, अरूणा संजय चौधरी और तहसील निहाय कार्यकारिणी सदस्यों में भातकुली से प्रकाश बनारसे, चांदुर रेलवे से महेश भूत, दर्यापुर से सचिन शिरभाते, मोर्शी से गणेश गावंडे, नांदगांव खंडेश्वर से धनराज परलीकर और वरूड से मनोज गुल्हाने का चयन हुआ था. इतना ही नहीं तो अचलपुर से बजरंग खंडेलवाल, परतवाडा से ललित राठी, चांदुर बाजार से सुरेश भेले, धामणगांव रेलवे से पवन भूरिया एवं तिवसा से रणजीत मोझरीकर निर्विरोध निर्वाचित हुए थे.
* आम सभा में अनुमोदन
इस बीच गत दिनों एमआयडीसी स्थित होटल प्राइम पार्क में केमिस्ट असो. की वार्षिक आमसभा हुई. जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जगन्नाथ शिंदे आप्पा, महाराष्ट्र अध्यक्ष अनिल नावंदर और अन्य पदााधिकारी भी खासतौर से उपस्थित रहे. इस आमसभा में वर्तमान कार्यकारिणी को कायम रखने के बारे में अनुमोदन दिए जाने की चर्चा हैं. जबकि यह भी बताया गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगन्नाथ शिंदे ने कार्यकारिणी का जुलाई में होनेवाला चयन सर्वसम्मति से करवाने का आवाहन किया. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों ही पक्षों को आपस में मिलकर सर्वसम्मति का प्रयास करना चाहिए, ऐसा न होने पर वे सारे अधिकार अपने पास लेंगे और निर्णय करेंगे.
* तीन वर्ष का कार्यकाल
जुलाई 2023 में हुए केमिस्ट असो. के जिला कार्यकारिणी चुनाव को अगले एक माह बाद तीन वर्ष पूर्ण हो जायेंगे. अत: कार्यकाल पूर्ण हो जायेगा. ऐसे में नई कार्यकारिणी के चुनाव की चर्चा प्रारंभ हो गई है. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकारिणी चयन निर्विरोध करवाने का निर्देश दिया है. जिससे अब देखना होगा कि केमिस्ट असो. में चुनाव होता है या निर्विरोध कार्यकारिणी चयन ?
* अभी नहीं हुआ निर्णय
केमिस्ट असो. के अध्यक्ष रह चुके सुरेश जैन ने स्पष्ट किया कि नई कार्यकारिणी के निर्विरोध चुने जाने संबंधी निर्णय नहीं हुआ है. उन्होनें हाल की आमसभा में इस प्रकार का विषय एजेंडा में नहीं रहने का दावा किया. यह जरूर कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगन्नाथ शिंदे ने दोनों पक्षों को सर्वसम्मति से कार्यकारिणी चयन का निर्देश दिया है. ऐसा न होने पर अध्यक्ष दोनों ही पक्षों को चर्चा के लिए बुला सकते हैं.

Back to top button